सत्य खबर,नई दिल्ली(ब्यूरो रिपोर्ट)
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजय संकल्प को सिद्ध करने के लिए दिल्ली के छह विधानसभा क्षेत्रों रोहतास नगर, बाबरपुर, त्रिलोकपुरी, पड़पड़गंड, लक्ष्मी नगर एवं गांधी नगर के कार्यकर्ताओं को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने विजय मंत्र देने के लिए बैठक की। इस बैठक में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, जिलाध्यक्ष कैलाश जैन, ललित जोशी, राम किशोर शर्मा उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक को सम्बोधित करते हुये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि भाजपा एक मात्र ऐसा संगठन है जिसकी संरचना कार्यकर्ताओं को समर्पित है। हमारा कार्यकर्ता हमारा बल है जो भाजपा की सरकार हर राज्य में बनाने के लिए काम करता है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता में नकारात्मक केजरीवाल सरकार बैठी है जिसने दिल्ली में 57 महीने तो काम किया नहीं, लेकिन आखरी तीन महीनों में ताबड़तोड़ झूठी घोषणाएं कर काम करने का नाटक कर रही हैं। जनता को विज्ञापन की चासनी में डूबोकर झूठ का ऐसा शहद चटाया जा रहा है कि जैसे कितना काम हुआ हो, हमें ऐसी झूठी केजरीवाल सरकार की नाकामियों को घर घर तक ले जाना है। घर घर जाकर लोगों से सम्पर्क कर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बारें में बताना है। आम आदमी पार्टी के असफल पांच साल और मोदी के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन में हुए कामों को हमें जनता तक पहुंचाना है और दिल्ली की जनता स्वंय तय कर लेगी कि दिल्ली के लिए भाजपा की सरकार ही उनका सही निर्णय है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि हमें अपने कार्यकर्ताओं पर पूर्ण विश्वास है, उनकी मेहनत ने ही हमें एक बार निगम और फिर लोकसभा चुनाव में विजय का अमृत दिया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजय के लक्ष्य को साधना हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारी सरकार दिल्ली में काफी अधिक समय से नहीं है। चुनाव के समय की गई हमारी मेहनत हमें विजय का सिरमौर पहना सकती है। दिल्ली की जनता समझदार है और हमें उन्हें बस इतना बताना है कि 100 दिन के भीतर मोदी सरकार ने अनधिकृत कॉलोनियों को ऐतिहासिक निर्णय से नियमित कर दिया। निगम में और केन्द्र में भाजपा की सरकार है और जब विधानसभा में भी भाजपा की सरकार बन जायेगी तब तीगुनी रफ्तार से दिल्ली के समुचित काम होगें। दिल्ली के सांसदों ने जनता को समर्पित होकर काम किया और अपने आग्रह से अतिरिक्त फंड मांगाकर कई विकास कार्य दिल्ली में करवाये, लेकिन वैमनस्य व दलगत राजनीति करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पहले तो कामों के होने में बाधा डाली और जब तमाम बाधाओं के बावजूद काम हुये तो उनका श्रेय लेकर तुरन्त विज्ञापन देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया।
वहीं कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एक तरफ दिल्ली की जनता के सामने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम करने का तरीका है जिसमें जो कथनी है वो ही करनी है, वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी की सरकार के काम करने का तरीका है जिसमें जो कहा जाता है वो बिल्कुल नहीं किया जाता है। झूठ बोलना और इस तरीके से बोलना की वो सच नजर आये आम आदमी पार्टी के संस्कारों में हैं। जनता जानती है और उसका निर्णय भी स्पष्ट है, लेकिन उन्हें मतदान केन्द्रों तक ले जाने के लिए हम कार्यकर्ताओं की मेहनत जितनी कड़ी होगी उतने ही अधिक संख्या में मतों से जीत हमारी होगी।
Aluminium scrap fabrication Aluminum recycling operations Metal scrap recycling and recovery