सत्यखबर नई दिल्ली (ब्यूरो रिपोर्ट) – दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर आज प्रवासी कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इस बैठक में आये प्रवासी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह, राजेश भाटिया एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा उपस्थित थे।
उपस्थित प्रवासी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के पांच साल के कार्यकाल में फेल होने के कारण दिल्ली की जनता के बीच उनकी पार्टी का लगातार गिरता ग्राफ भाजपा के पक्ष में है। इसे चुनाव परिणामों में बदलने के लिए हमें केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दिल्ली के घर- घर तक ले जाना है। आप सभी प्रवासी कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर दिल्ली विधानसभा में अपनी विजय को हम निश्चित ही तय कर पायेगें।
आम आदमी पार्टी के मुखिया का लगातार देशद्रोह करने वाले के पक्ष में उतरना और देश के टुकड़े-टुकड़े चाहने वालों के बचाव करने का हर संभव प्रयास हमें दिल्ली की जनता को बताना है। राष्ट्रवादी विचारधारा पर चलते हुये अराजकतावादी केजरीवाल सरकार को दिल्ली की सत्ता से बाहर करने का संकल्प आज हम सभी को लेकर आगे बढ़ना है। विधानसभा चुनावों में जीतना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए और इस लक्ष्य के साथ हर बूथ पर हमारी कड़ी मेहनत हमें पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की ओर ले जायेगी।
कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजय को अपने पक्ष में करने के लिए हमें आम आदमी पार्टी की उन नाकामियों को जनता तक पहुंचाना होगा जिसके कारण आज दिल्ली की जनता को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केजरीवाल सरकार पूरी तरह से फेल हुई हैं जो भी चुनावी वादे किये गये उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है। लोकसभा चुनाव में जनता ने हमें दिल्ली के 13750 बूथों में से 12 हजार बूथों पर अपना समर्थन दिया वहीं निगम चुनावों में 9 हजार बूथों को जीतकर जनता ने यह स्पष्ट किया है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार ही समुचित विकास को गति दे सकती है। वर्षों से लम्बित पड़ी, नारकीय जीवन जीने को मजबूर कच्ची कॉलोनियों की जनता को उनके घर का मालिकाना हक देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वो काम किया है जो आज तक नामुमकिन था।
तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नाकामियों को बताना है कि किस प्रकार कच्ची कॉलोनियों को नियमित करने में सबसे बड़ी बाधा दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पहुंचाई। झुग्गी झोपड़ी के लोगों के साथ केजरीवाल सरकार ने धोखा किया और पूर्वांचल के लोगों का बार बार अपमान किया। धर्म के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति की तो महिलाओं के सम्मान के साथ आम आदमी पार्टी के नेताओं व मंत्रियों ने खिलवाड़ किया लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई एक्शन नहीं लिया। दिल्ली के लोगों को बताना है, हर घर में कमल खिलाना है।
Aluminium scrap analysis Aluminium milling scrap recycling