सत्य खबर, लखनऊ
बसपा से निष्कासित पूर्व सांसद दाउद अहमद पर लखनऊ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने रविवार की सुबह यहां रिवर बैंक कॉलोनी में दाउद अहमद की 5 मंजिला इमारत को जमींदोज कर दिया। इसकी कीमत करीब 50 करोड़ बताई जा रही है। इसे गिराने में प्रशासन को 5 घंटे लगे। प्रशासन के मुताबिक दाउद की ये बिल्डिंग अवैध तरीके से तैयार करवाई गई थी। निर्माण के लिए पुरातत्व विभाग से एनओसी नहीं ली गई थी। जबकि विभाग बार-बार नोटिस जारी कर रहा था। बावजूद इसके अवैध निर्माण को नहीं गिरवाया। अब लखनऊ प्रशासन ने नगर निगम और पुलिस विभाग के साथ मिलकर बिल्डिंग पर बुल्डोजर चलाया है।
वहीं इस बिल्डिंग का नक्शा भी एलडीए के अधिकारियों ने बिना एएसआई की अनापत्ति के ही स्वीकृत कर दिया था। हालांकि बाद में विरोध के बाद इसको निरस्त कर दिया। अब एएसआई के आदेश पर जिला प्रशासन और पुलिस के कर्मचारी संयुक्त अभियान चलाकर इमारत को ध्वस्त कर रहे हैं। ये बिल्डिंग रेजीडेंसी के नजदीक है और इस सीमा के भीतर ऊंचे निर्माण प्रतिबंधित हैं।
एलडीए लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से इस अवैध बिल्डिंग को गिराने की कोशिश पूर्व में की गई थी। लेकिन रसूख और कागजों में फंसा कर इसको रोक दिया गया था। तब नक्शा पास होने और अन्य कई कारण बताते हुए कार्रवाई रोकी गई थी। इस बिल्डिंग को लेकर बाद में एएसआई के संयुक्त निदेशक ने पूर्व सांसद दाउद को नोटिस जारी किया था। इसमें कहा गया था कि सात दिन में ये निर्माण खुद हटा लें। हटाए न जाने की दिशा में प्रशासन जेसीबी मशीनों से इमारत को ध्वस्त करना शुरू कर देगा।
यह भी पढें:- सत्ताधारी नेताओं के परिजनों का भी हुआ विरोध शुरू,जानिए कहां और किसका हुआ विरोध
रविवार सुबह सात बजे से ही बिल्डिंग को गिराने के लिए कार्रवाई की गई। विरोध की आशंका को लेकर पुलिस फोर्स को भी बुला लिया गया था। लेकिन कोई विरोध के लिए सामने नहीं आया। बिल्डिंग पांच मंजिला बनाई गई है। इसमें केवल फिनिशिंग काम बचा था।
पूर्व सांसद की इससे पहले लालबाग 12 डिसूजा रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर भी एलडीए कार्रवाई कर चुका है। दाऊद ने यहां चार मंजिला का नक्शा पास कर पांचवी मंजिल भी बना ली थी। उसके बाद डीएम अभिषेक प्रकाश के हस्तक्षेप के बाद एलडीए की तरफ से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी। बिल्डिंग को सील करते हुए नोटिस जारी किया था।
दाउद अहमद 1999 से 2004 तक शाहबाद सीट से बसपा के टिकट पर सांसद रहे। शाहबाद सीट में आखिरी चुनाव 2004 में हुआ था। परिसीमन बदलने के बाद 2008 में यह सीट हरदोई के नाम से अस्तित्व में आई। 2007 से 2012 तक पिहानी हरदोई से वह विधायक रहे हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह मोहम्मदी से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे पर हार गए थे। हालांकि साल 2019 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल बता कर बसपा सुप्रीमो मायावती ने इनको पार्टी से निकाल दिया था।
Aluminium scrap import quotas Aluminium scrap revenue maximization Metal scrap recycling solutions