सत्यखबर, जींद
हरियाणा। लॉकडाउन में ढील मिलते ही हरियाणा में भाजपा संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान पर जोर देगी। इसके लिए पार्टी संगठन ने मोदी सरकार-2 की पहली वर्षगांठ पर जनसंपर्क के कार्यक्रम भी रखे हैं। हरियाणा में पार्टी 20 लाख परिवारों तक मोदी सरकार-2 सहित मनोहर लाल सरकार की उपलब्धियां को पत्रक द्वारा पहुंचाएगी। यह कार्यक्रम 7 से 14 जून तक चलेगा। प्रतिदिन बूथ स्तर पर दो-दो कार्यकर्ताओं की टोली घरों में जाकर संपर्क करेगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के विधायक और मंत्री भी अपने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए मौजूद रहेंगे।
पार्टी ने इस बार यह भी तय किया है कि विधायक और मंत्री जनसंपर्क सहित अन्य संगठन के कार्यों में सक्रियता से हिस्सा लेंगे। विधायक और मंत्रियों के लिए भाजपा की जिलास्तरीय बैठकों में उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी तरह विधायक मंडल की बैठक में अवश्य उपस्थित रहेंगे।
मोदी सरकार-2 के पहले साल की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए 27 मई को भाजपा कोर ग्रुप की विधायकों के साथ बैठक हुई। इसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन ने साफतौर पर कहा कि विधायक और मंत्री जिलास्तरीय बैठकों में अवश्य उपस्थित रहें, क्योंकि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जिलास्तर पर संगठन की बैठकें होनी हैं। प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट को इस निर्देश के पालन के लिए अधिकृत किया गया है। भाजपा प्रदेश संगठन ने विभिन्न प्रकोष्ठ और मोर्चों के पदाधिकारियों को भी इस अभियान के लिए सक्रिय कर दिया है। सभी जिला व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मोदी सरकार-2 की एक वर्ष की उपलब्धियों को हरियाणा के 20 लाख परिवारों तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर कार्यकर्ताओं की टोलियों के साथ समन्वय बनाएंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को कोरोना वायरस से बचाव के लिए तय मापदंड भी पूरी तरह से अपनाने का निर्देश दिया गया है।
Aluminium recycling cost efficiency Aluminium recycling global impact Scrap metal analysis services