सत्यखबर,हरियाणा
कोरोना काल के बाद एक बार फिर हरियाणा में विकास कार्यों की गंगा बहने वाली है….जिसके चलते हरियाणावासियों को बड़ी सौगातें मिलने वाली है….सबसे पहले अगर बात करें तो केंद्र सरकार की रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना के तहत अब दिल्ली-पानीपत रैपिड रेल लाइन करनाल तक जाएगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसकी इसी वर्ष अक्तूबर माह तक व्यवहार्यता देख ली जाएगी। इसके अतिरिक्त हरदीप सिंह पुरी ने आश्वस्त किया है कि दिल्ली-गुरुग्राम-राजस्थान सीमा तक रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना को भी गति देने के लिए दिल्ली सरकार से बात की जाएगी।
बता दें कि हरियाणा में लंबित कई परियोजनाओं में तीव्रता लाने के लिए सीएम मनोहर लाल खट्टर ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्रियों ने सीएम खट्टर को इन परियोजनाओं में ना सिर्फ तीव्रता लाने का बल्कि वित्तीय सहयोग करने का भी आश्वासन दिया। सीएम मंगलवार सुबह सबसे पहले केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल और इसके बाद केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा से भी मिले। केंद्रीय पर्यटन मंत्री से मिलने के बाद सीएम ने बताया कि कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में महाभारत और गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किए जाने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय वित्तीय सहयोग करेगा।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में 99 करोड़ रुपये की कृष्णा सर्किट-2 परियोजना व 97 करोड़ रुपये की हेरिटेज सर्किट परियोजना के लिए केंद्र से वित्त की मांग की गई है। दोनों परियोजनाएं केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को प्रेषित की जाएंगी। मोरनी (हरियाणा) में एडवेंचर स्पोर्ट्स परियोजना के लिए भी केंद्र, हरियाणा को आर्थिक सहयोग देगा। हरियाणा में स्थित सिंधु घाटी सभ्यता के पुरातात्विक स्थल राखी गढ़ी में साइकिल ट्रैक का निर्माण भी केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम में हिंदुस्तान इंसेक्टीसाइड लिमिटेड व इंडियन ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड को प्रदान की भूमि के सदुपयोग की दिशा में भी केंद्रीय रसायन व उर्वरक मंत्री से गहन विचार-विमर्श हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में खनन पर प्रतिबंध को लेकर हरियाणा की आपत्ति को केंद्र ने सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया है। इस क्षेत्र में खनन को लेकर जल्दी कोई फैसला हो सकता है।
हरियाणा के लिए अलग से विधानसभा भवन के निर्माण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकतानुसार वर्तमान विधानसभा भवन छोटा है। हरियाणा विधानसभा के पृथक भवन के लिए केंद्र को प्रस्ताव दिया है। ऑस्ट्रेलिया में गिरफ्तार करनाल के नागरिक विशाल जूड की रिहाई को लेकर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से बात हुई है। विदेश मंत्रालय इस संदर्भ में अपने स्तर पर लगातार प्रयासरत है।
वहीं दूसरी और हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने मंगलवार नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय पशुपालन व डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की….और कृषि, किसान और झींगा मछली पालन को लेकर चर्चा की। हरियाणा में पानी की कमी के मद्देनजर उन्होंने एसवाईएल निर्माण के अलावा किसान आंदोलन का मुद्दा भी उठाया।
Aluminium scrap processing High-quality aluminium scrap Scrap metal retrieval services