Haryana News: बधरा से विधायक ने झोझू कलां में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनसभा के दौरान मंच से जो कहा, उसने पूरे माहौल को हल्का बना दिया, लेकिन राजनीतिक हलकों में गर्मी पैदा कर दी। विधायक ने जल संकट की बात करते हुए कहा कि जब उन्होंने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को पानी की कमी की शिकायत की तो बहन जी ने कहा कि “भगवान से प्रार्थना करो”। इस पर विधायक ने मंच से व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “भगवान ने मेरी सुन ली, अब बहन जी से कहो कि पानी को हाथ में रखें।” इस बात पर मौजूद जनता ने ठहाके लगाए और “विधायक ज़िंदाबाद” के नारे लगाने लगे।
श्रुति चौधरी पर सीधा नहीं, लेकिन तीखा निशाना
हालांकि विधायक ने सीधे-सीधे श्रुति चौधरी का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों में यह व्यंग्य स्पष्ट रूप से सिंचाई मंत्री पर ही था। श्रुति चौधरी मंच पर मौजूद थीं, और यह टिप्पणी उनके सामने ही हुई। खास बात यह है कि विधानसभा चुनाव के दौरान श्रुति चौधरी की मां और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने खुद बधरा विधायक के लिए प्रचार किया था। ऐसे में यह तंज एक नई राजनीतिक बहस को जन्म देने वाला बन गया।

पहले डिनर पार्टी, अब व्यंग्य… बढ़ती राजनीतिक दूरी?
बधरा विधायक पहले ही केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की डिनर पार्टी में शामिल होकर विवादों में आ चुके हैं। उस समय से ही उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में झोझू कलां की जनसभा में उन्होंने न तो अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया और न ही कोई सफाई दी। उल्टा श्रुति चौधरी पर व्यंग्य कर उन्होंने अपनी पार्टी के भीतर ही असहज स्थिति पैदा कर दी है।
श्रुति चौधरी ने विकास योजनाओं का दिया ब्योरा
श्रुति चौधरी ने इस अवसर पर जनता का धन्यवाद किया और बधरा क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माकड़ानी गांव में ₹32 करोड़ की लागत से झील बनेगी, जिससे आसपास के कई गांवों को लाभ होगा। इसके अलावा ₹40 करोड़ की लागत से बधवाना माइनर का पुनर्निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि अब तक चर्खी दादरी जिले में सिंचाई विभाग द्वारा ₹125 करोड़ के प्रोजेक्ट स्वीकृत किए जा चुके हैं।
धरमबीर सिंह ने सीएम से की विकास कार्यों की मांग
इस मौके पर सांसद धरमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि दादरी जिले की दोनों सीटों पर बीजेपी की जीत ने सीएम की साख को और ऊँचा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिले के सभी 10-12 स्टेडियमों में ट्रैक निर्माण की मांग की ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बधरा क्षेत्र की वीरता और किसान भावना की भी सराहना की।

Leave a Reply