Gurugram News: गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक बस स्टॉप पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक ने एक महिला मॉडल के सामने अश्लील हरकत की। यह पूरी घटना महिला मॉडल ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दी, जिसके आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
कैब का इंतजार कर रही थी मॉडल, युवक ने की शर्मनाक हरकत
पीड़िता ने बताया कि वह जयपुर से गुरुग्राम किसी काम के सिलसिले में आई थीं और राजीव चौक बस स्टॉप पर कैब का इंतजार कर रही थीं। तभी एक अनजान युवक उनकी ओर लगातार घूरने लगा। कुछ देर बाद उसने अपनी पैंट की ज़िप खोल दी और सार्वजनिक रूप से गंदी हरकतें करने लगा। महिला का कहना है कि इस दौरान उन्होंने अपने कैब ड्राइवर को कई बार कॉल किया, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इस स्थिति में उन्हें मजबूरी में दूसरी कैब बुलानी पड़ी, जिसमें काफी समय लग गया। पूरी घटना के दौरान महिला बेहद असहज और डरी हुई महसूस कर रही थी।

“चिल्लाना चाहिए था” कहने वालों को मॉडल ने दिया करारा जवाब
मॉडल ने बताया कि कुछ लोगों ने उनसे कहा कि उन्हें उस समय चिल्लाकर युवक को पकड़ लेना चाहिए था या लोगों की मदद लेनी चाहिए थी। लेकिन उन्होंने कहा कि उस समय उनका पहला उद्देश्य अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना था, क्योंकि ऐसी स्थिति में कुछ भी हो सकता था। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके लिए बेहद मानसिक रूप से परेशान करने वाली रही। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा के नाम पर केवल बातें होती हैं, लेकिन जब ज़रूरत होती है तो कोई भी सामने नहीं आता।
पुलिस जांच में जुटी, महिला सुरक्षा पर फिर खड़े हुए सवाल
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित युवक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। महिला मॉडल एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं और सोशल मीडिया पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं। इस घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर पब्लिक प्लेस पर, जहां सैकड़ों लोग मौजूद होते हैं, वहां किसी की मदद न मिलना और आरोपी का बेखौफ होकर ऐसी हरकत करना, कानून व्यवस्था और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है। मॉडल ने कैब सर्विस पर भी सवाल उठाए और कहा कि न तो ड्राइवर ने कॉल उठाया और न ही कंपनी की तरफ से कोई सुरक्षा सहायता दी गई।

Leave a Reply