हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता दिवस की रात अचानक पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। प्रदेश में 3 आईपीएस और 2 एचपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। खासकर भिवानी में शिक्षक हत्याकांड के बाद सीएम नायब सैनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए भिवानी एसपी मनबीर सिंह को उनके पद से हटा दिया और उनकी जगह आईपीएस सुमित कुमार को जिले का नया एसपी नियुक्त किया। सरकार का यह फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है।
भिवानी हत्याकांड पर सख्त हुई सरकार
भिवानी में हाल ही में हुए शिक्षक हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिला दिया था। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश था और विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा था। ऐसे में सीएम नायब सैनी ने तुरंत एक्शन लेते हुए भिवानी एसपी मनबीर सिंह को हटाने का आदेश दिया। उनकी जगह अब आईपीएस अधिकारी सुमित कुमार जिले की कानून व्यवस्था संभालेंगे। माना जा रहा है कि सरकार ने यह कदम जनता के गुस्से और मामले की गंभीरता को देखते हुए उठाया है।

झज्जर और पंचकूला में नई जिम्मेदारियां
फेरबदल में झज्जर जिले के लिए भी नई नियुक्तियां की गई हैं। एचपीएस अधिकारी अमित दहिया, जिन्हें पहले पंचकूला में साइबर और क्राइम की जिम्मेदारी दी गई थी, अब झज्जर जिले में डीसीपी, क्राइम के पद पर तैनात होंगे। झज्जर जैसे संवेदनशील जिले में उनकी नियुक्ति सरकार की गंभीरता को दर्शाती है। वहीं, आईपीएस सुरेंद्र सिंह भोरिया को एसपी, एचएसएनसीबी (H) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंबाला को मिली नई महिला एसपी
एचपीएस अधिकारी पंखुड़ी कुमारी को अंबाला जिले की नई एसपी एसीपी नियुक्त किया गया है। प्रदेश में महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी देने को लेकर सरकार का यह कदम सराहनीय माना जा रहा है। अंबाला जैसे बड़े और अहम जिले में पंखुड़ी कुमारी की तैनाती से महिलाओं और आम जनता की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की गई है।
तबादलों से पुलिस महकमे में हलचल
सरकार के इस देर रात फैसले ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। एक तरफ जहां इसे कड़े प्रशासनिक एक्शन के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लोग मान रहे हैं कि इन बदलावों से प्रदेश में कानून व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। खासकर भिवानी में हुए शिक्षक हत्याकांड के बाद लोगों की निगाहें अब नए एसपी सुमित कुमार पर टिकी होंगी कि वे कैसे जिले में कानून-व्यवस्था को संभालते हैं।

Leave a Reply