Haryana News: हरियाणा के पर्वतारोही लगातार विश्व की ऊंची ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराने का काम कर रहे हैं। इसी श्रृंखला में हरियाणा के हिसार जिले के नलवा हलके के गांव मिंगनी खेड़ा के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने इतिहास रचते हुए विश्व की 8वीं सबसे ऊंची और दुर्गम चोटी माउंट मनास्लु (8163 मीटर) पर तिरंगा फहराया है। उन्होंने यह चढ़ाई 22 सितंबर की सुबह 6 बजे पूरी कर पूरे देश का मान बढ़ाया।
नरेंद्र कुमार ने इस अभियान की शुरुआत 7 सितंबर 2025 को की और मात्र 15 दिन में इसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। माउंट मनास्लु पर चढ़ाई के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। रास्ते में मौसम बेहद खराब था। तापमान -40 डिग्री तक गिर गया और एवलांच का खतरा लगातार बना रहा, लेकिन नरेंद्र ने हिम्मत नहीं हारी और अपने जुनून के दम पर शिखर तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
नरेंद्र ने पर्वतारोहण की शुरुआत 2019 में अटल बिहारी इंस्टीट्यूट, मनाली से बेसिक कोर्स से की और 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग से एडवांस कोर्स किया। उनके पिता सुभाष चंद्र जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं, हमेशा उन्हें प्रेरणा और सहयोग देते रहे हैं।

नरेंद्र कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। वे युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने का संदेश देते हैं। साथ ही बच्चों को पर्वतारोहण और एडवेंचर के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें करियर बनाने की राह दिखाते हैं। नरेंद्र का अगला बड़ा लक्ष्य विश्व की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना है।
नरेंद्र की उपलब्धियां
नरेंद्र ऐसे पहले हरियाणवी हैं जिन्होंने माउंट अन्नपूर्णा (8091 मीटर) और माउंट ल्होत्से (8516 मीटर) पर चढ़ाई की। उन्होंने माउंट किलिमंजारो पर 5 दिनों में दो बार चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा जुलाई 2025 में उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5642 मीटर) को फतह किया। 15 अगस्त 2021 को आजादी के अमृत महोत्सव पर उन्होंने माउंट युनम पर 151 फीट लंबा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशवासियों को गर्वित किया।

Leave a Reply