सत्य खबर,जींद
फर्म के फर्जी दस्तावेज दिखाकर एक व्यक्ति ने सोने व इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में हिस्सेदार बनकर महिला कारोबारी से 1 करोड़ 7 लाख रुपए की राशि हड़प ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर कैथल निवासी हितेश गर्ग, चंदन यादव के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। महिला ने पहले एसपी को मामले की शिकायत दी थी। इसके बाद इकोनॉमिक सेल की जांच के बाद यह केस दर्ज किया गया है।
हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी निवासी सुनीता शर्मा ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी भारत कम्यूनिकेशन की नाम से फर्म है। जुलाई 2019 में उनके कार्यालय में चंदन कुमार यादव नाम का एक व्यक्ति आया और उसने बताया कि वह पंचकूला का रहने वाला है और झिरकपुर पंजाब में सोने का कारोबार करता है।
इसके बाद उसने हिस्सेदार बनने की इच्छा जताई और कहा कि अगर वह उनके हिस्सेदार बन जाए तो उसे मोटा मुनाफा होगा। इसके अलावा महिला की जो फर्म इलेक्ट्राॅनिक्स व गारमेंट्स का जो काम करती है उसको भी हिस्सेदारी में चला लेंगे। सुनीता का कहना है कि इस पर वह व्यक्ति के झांसे में आ गई। इस दौरान उसने चंदन कुमार यादव नाम के व्यक्ति के साथ 2 जुलाई 2019 कारोबार में हिस्सेदारी का इकरारनामा कर लिया।
इसके बाद वह उससे 70 लाख रुपए कीमत का इलेक्ट्राॅनिक्स व गारमेंट्स का सामान ले गया। इसके अलावा उससे 37 लाख रुपए की नकदी भी ले गया। रुपए लेने के बाद चंदन यादव गायब हो गया। इसके बाद चंदन यादव की फर्म के दस्तावेजों की जांच की तो फर्म चंदन सिंह यादव के नाम नहीं, बल्कि कैथल निवासी हितेश गोयल के नाम मिली। जब हितेश गोयल से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसकी फर्म के कागजात गायब हो गए थे।
मामले की जांच जारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम का कहना है कि पुलिस ने चंदन यादव व हितेश गोयल नाम के व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
Scrap aluminium circular supply chain Aluminium alloy salvage yard Scrap metal processing facility