नागरिक अस्पताल में इमरजेंसी के बाहर दो युवकों पर चाकूओं से किया था हमला
सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : कैथल में नागरिक अस्पताल में इमरजेंसी के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला करने के आरोपियों की हमले के 16 घंटे बाद पुलिस से मुठभेड़ हो गई जिसमें एक आरोपी घायल हो गया जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल आरोपी को पैर में गोली लगी है उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस की CIA 1, SDU व AVT की टीम ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की टांग में गोली मारी।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के शामली जिले में जाकर छिप गया था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे करीब 16 घंटे में ही शामली से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपी को कैथल लेकर लौट रही थी। रात करीब 3 बजे असंध रोड पर मुंडवाल माइनर के पास आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिस की गाड़ी रुकवाई। गाड़ी से नीचे उतरते ही उसने CIA-1 टीम के एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब 6 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
फायरिंग के बाद CIA-1 प्रभारी जसवंत सिंह और SDU के ASI तरसेम ने एक-एक हवाई फायर करते हुए आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद दोनों टीमों ने जवाबी कार्रवाई की और तीन-तीन राउंड फायर किए। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खेत में जाते समय बाइक को मारी थी टक्कर
घायल कुलदीप के परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से खेत में घास लेने जा रहा था। इसी दौरान थार सवार युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और बाद में उसे कैथल नागरिक अस्पताल लाया गया था। उसके साथ अभिषेक भी अस्पताल पहुंचा था। दोनों युवक चोटों का मेडिकल करवाने और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी उनका पीछा करते हुए अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी के बाहर दोनों पर चाकूओं से हमला कर दिया। अचानक हुई वारदात से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। कर्मचारियों और लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले कुलदीप की आरोपियों के साथ कहासुनी हुई थी। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी हुई थी। इसी रंजिश में हमला किए जाने का आरोप है।
छह पुलिस टीमें कर रही थीं तलाश
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया था कि अभिषेक की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ कातिलाना हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में बीएनएस की धारा 109 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली थी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के अनुसार, गोविंद के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और मारपीट सहित करीब 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। अस्पताल में हमला करने के मामले में आगे की जांच जारी है।
#HaryanaNews #Kaithal #CrimeReport #PoliceEncounter #LawEnforcement #PublicSafety #CriminalJustice #GunControl #PoliceAction #SafetyFirst #CommunityWatch #CrimePrevention #JusticeServed #LocalNews #BreakingNews #PoliceBravery #CrimeAwareness #SafetyMeasures #HaryanaPolice #EncounterNews