हरियाणा में कांग्रेस विधायक समेत भाजपा व इनेलो नेता के घर ईडी की रेड
सत्य खबर ,चंडीगढ़ ।
सोनीपत में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार व उनके सहयोगियों के ठिकानों पर एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने रेड की है। अवैध माइनिंग को लेकर मिल रहे इनपुट के बाद ये रेड हुई है। रेड के दौरान विधायक सुरेंद्र पंवार घर पर ही हैं। ईडी के अधिकारी उनके घर में डॉक्यूमेंट खंगाल रहे हैं। साथ ही उनके सहयोगी सुरेश त्यागी के घर भी ईडी की एक टीम पहुंची है।
शुरूआती जानकारी के अनुसार ईडी की टीमें सुबह ही हरियाणा के कई जिलों में पहुंच गई थी। सोनीपत में जब ईडी की टीमें पहुंची तो उस वक्त कांग्रेस के विधायक सुरेंद्र पंवार सेक्टर 15 स्थित अपने घर पर ही थे। उनके घर के अलावा ऑफिस और दूसरे प्रॉपर्टीज पर भी ईडी की टीमें पहुंची हैं। इस दौरान लोकल पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा के घर भी ईडी ने रेड की है। उनका यमुनानगर में खनन का कारोबार है। 2014 में इनेलो की टिकट पर उन्होंने CM मनोहर लाल के खिलाफ करनाल से विधानसभा चुनाव लड़ा था। जिसमें वह हार गए। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए।
वहीं यमुनानगर के पूर्व विधायक इनेलो नेता दिलबाग सिंह के घर और ऑफिस पर ईडी ने रेड की। दिलबाग सिंह इंडियन नेशनल लोक दल की पार्टी से यमुनानगर के विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2014 में इनेलो से चुनाव लड़ा था, जिसमें वह भाजपा कैंडिडेट घनश्याम दास अरोड़ा से हार गए।