भाजपा सरकार के राज में हरियाणा अपराध में नंबर वन बना : चित्रा सरवारा
Chitra Sarwara says Haryana became number one in crime under BJP government
सत्य खबर/यमुनानगर: आम आदमी पार्टी की 10 दिवसीय प्रदेश स्तरीय बदलाव यात्रा के पांचवें दिन आप प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने प्रेसवार्ता कर अपराध के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। इस दौरान उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी, किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप भांभू और अम्बाला लोकसभा अध्यक्ष आदर्शपाल सिंह मौजूद रहे। चित्रा सरवारा ने कहा कि भाजपा सरकार के नौ साल के राज में हरियाणा अपराध में नंबर वन बन गया है। पूरे हरियाणा में अपराध का बोलबाला है।
उन्होंने कहा कि 2009 में सरकार द्वारा एक सरकारी प्रोजेक्ट (सीसीटीएस) क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एडं सिस्टम शुरु किया गया था। इस प्रोजेक्ट ने हाल ही में हरियाणा के लिए चौंकाने वाले आंकड़े निकाले हैं। आंकड़े बताते हैं कि पिछले 9 महीने में हरियाणा में 974 मर्डर हुए हैं, 1700 केस दुष्कर्म के, 139 केस सामूहिक दुष्कर्म के, 3871 केस किडनैपिंग के, 271 केस डकैती के और क्राइम एग्रीकेट के 10946 केस हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में प्रतिदिन 5-6 दुष्कर्म के मामले हुए हैं, 11-12 किडनैपिंग के, 3-4 मर्डर हुए हैं। हरियाणा में उत्तर प्रदेश से ढ़ाई गुना ज्यादा क्राइम रेट है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सबसे असुरक्षित वाली सूची में हरियाणा दूसरे नंबर पर है। वहीं दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिला सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाया है। दुनिया में यदि एक शहर में सबसे ज्यादा सीसीटीवी लगे हैं तो वो दिल्ली में लगे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में पलवल में गैंगस्टर द्वारा खुले में फायरिंग कर फिरोती मांगने का मामला सामने आया। आज हरियाणा की क्रिमिनल स्थिति को देखते हुए उद्योगपति पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा हाल ही में हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार से कहा था कि आंकड़ों को खेल खेलना बंद करे और जमीन पर काम करे।
अम्बाला लोकसभा अध्यक्ष आदर्शपाल सिंह ने कहा कि क्राइम पर अंकुश लगाने का दावा करने वाली सरकार में प्रतिदिन अपराध की कई खबर तो यमुनानगर से सामने आती हैं। प्रदेश में आज काई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। लेकिन अब प्रदेश की जनता जागरुक हो चुकी है और बदलाव चाहती है। वर्तमान में 60 प्रतिशत वोट भाजपा के खिलाफ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश के हालात ऐसे हैं जैसे आजादी से पहले अंग्रेजों के समय में हुआ करते थे। अंग्रेज फूट डालकर राज करते थे ठीक ऐसे ही भाजपा सरकार कर रही है। लोगों को जात-पात और धर्म के नाम पर लड़ा रही है। उन्होंने कहा कि 1947 से 2014 तक भारत पर 55 लाख करोड़ का कर्जा था और मात्र 9 साल में तीन गुना बढ़कर 155 लाख करोड़ रुपए हो गया।
लोकसभा उपाध्यक्ष लक्ष्मण विनायक ने कहा कि हरियाणा में लगातार बढ़ता अपराध चिंता का विषय है। हाल ही में गुरुग्राम में गैंगवार हुआ और छेड़छाड़ से तंग आकर बच्चियां आत्महत्या करने को मजबूर हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। जब किसान आंदोलन खत्म हुआ तो पीएम मोदी ने कहा था कि एमएसपी पर कानून बनाएंगे लेकिन संसद में आज तक इस पर चर्चा नहीं की। इसलिए किसान आज भी आंदोलन की राह पर है। भाजपा सरकार किसानों की हितैषी होने का दावा करती है लेकिन किसान को न यूरिया और न डीएपी उपलब्ध हो रहा। इन्हीं समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा जारी है।
वहीं,अम्बाला लोकसभा अध्यक्ष आदर्शपाल ने कहा कि आज हरियाणा का हर वर्ग हड़ताल पर है। कल हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल है। आढ़तियों से एडवांस में टैक्स मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पोर्टल पोर्टल खेल रही है जबकि प्रदेश की जनता परेशान है। भाजपा से सरकार नहीं चल रही, इसलिए प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस लोगों के मुद्दे उठाने में नाकाम है, इसलिए प्रदेश के लोगो के पास आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को प्रदेश के लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है, 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।