सत्य खबर,चण्डीगढ़।
हरियाणा में अंबाला सहित इंद्री, रादौर, थानेसर, गुहला, पिहोवा, शाहाबाद, बराड़ा, नारायणगढ़ में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने इन शहरों में गरज-चमक के साथ हलकी से मध्यम बारिश होने के आसार जताए हैं। यहां हवाएं भी चलेंगी। वैसे मौसम विशेषज्ञों ने 2 दिनों तक धुंध छाने की संभावना जताई है।
2 दिन में मौसम बदलने के कारण तापमान में सामान्य से 5.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। नारनौल का तापमान सबसे कम 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में अभी मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 28, 29 नवंबर को भी बादल छाए रहेंगे। रात के तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। 30 नवंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इससे 2 दिसंबर तक बादल छाए रहने की उम्मीद है। इससे रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी।also read : इन राशियों के लिए आज है बेहद खास दिन, होगी धन की वर्षा
7 जिलों में अधिक हुई बारिश
अक्टूबर और नवंबर में अभी तक 3% ज्यादा बारिश हुई है। वैसे इस अवधि में सूबे में 11.9 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य 11.6 MM बारिश इस टाइम तक हो चुकी है। सूबे के 7 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि 9 जिले ऐसे भी रहे, जिनमें सामान्य बारिश दर्ज की गई है। बारिश से रात के तापमान में काफी कमी देखी गई है।
गेहूं के लिए अच्छा मौसम
इन दिनों का मौसम गेहूं काश्तकारों के लिए अच्छा बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सबसे अच्छा रहता है। इन दिनों सूबे के अधिकांश जिलों का तापमान इसके आसपास ही है। ऐसे में यह मौसम गेहूं की बिजाई और फसल की ग्रोथ के लिए काफी अच्छा है। यदि मौसम ऐसा ही रहता है तो इस बार की फसल अच्छी होने की संभावना है।