Haryana Weather: मानसून की विदाई के अंतिम चरण में हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के तीखे तेवरों के बीच आज हरियाणा के 15 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 सितंबर के बाद बारिश का दौर थम जाएगा। 20-21 सितंबर को सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा तथा धूप निकलेगी।
हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने बताया कि आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल के अधिकांश इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में बारिश हुई, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ रहा। बारिश से प्रदेश में अब तक काफी ज्यादा नुकसान हो चुका है।

प्रदेश में 17 सितंबर तक औसतन 407 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 565.6 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1089.1 एमएम दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई है। इस सीजन में अंबाला, करनाल और पंचकूला को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। वहीं कल यानी 17 सितंबर को हरियाणा के पलवल जिले में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि आज हरियाणा में सुबह का तापमान 23°C है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अधिकतर इलाकों में बारिश की संभावना है। कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत, रोहतक, झज्जर में कुछ एरिया में बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। 20 सितंबर शनिवार को प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं है। सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है। इसके बाद फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम प्रदेश में पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है।