स्कूटी तेज चलने पर हुई थी कहासुनी, बीच बचाव करवाने गए युवक को मारी गोली
सत्य खबर हरियाणा
Murder in Sonipat : सोनीपत जिले के कुंडली में मामूली कहासुनी में ढाबा संचालक की छाती में गोली मारकर हत्या कर दी गई।घटना से आक्रोशित परिजनों ने कुंडली बॉर्डर नेशनल हाईवे 44 को जाम किया। नरेंद्र के शव को लेकर ग्रामीण और परिवार के लोग नेशनल हाईवे 44 पर बैठ गए है। परिवार के लोगों का कहना जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक हाईवे जाम रहेगा।

सोमवार सुबह ढाबा संचालक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जीटी रोड (NH-44) पर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है। परिवार पुलिस कमिश्नर ममता सिंह को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा हुआ है। जीटी रोड पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई है।
बताया गया है कि नरेंद्र खत्री (33) कुंडली के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में मित्रां दा ढाबा चला रहे थे। करीब 6 साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 2 और 4 साल है। नरेंद्र और उनका भाई ढाबा चलाते थे, जबकि उनके पिता मकान बनाने का ठेका लेते हैं। नरेंद्र के ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी में उनका पानी का प्लांट है। प्लांट के साथ किराए के कमरे भी बने हुए हैं, जिनकी देखरेख निखिल करता है।
स्कूटी तेज चलाने पर हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात प्लांट के पास करीब 20-22 युवक बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा। निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर अमन और निखिल के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
समझाने पहुंचे नरेंद्र, छाती में मारी गोली
विवाद की जानकारी मिलने पर नरेंद्र प्लांट पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर अमन ने पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। नरेंद्र को नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर परिजनों मे आक्रोश है। परिजनों ने कुंडली बॉर्डर नेशनल हाईवे 44 को जाम किया है। नरेंद्र के शव को लेकर नेशनल हाईवे 44 पर ग्रामीण बैठ गए है। परिवार के लोगों का कहना जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक हाईवे जाम रहेगा। नरेंद्र की हत्या के बाद ग्रामीणों ने शव को लेकर करनाल और दिल्ली हाईवे को पूरी तरह जाम किया। पुलिस के आला अधिकारी कुंडली थाना प्रभारी मौके पर मौजूद है। पुलिस के आला अधिकारी ग्रामीणों को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
आरोपी मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
परिजनों के अनुसार, अमन यादव पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला है। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Haryana #KundliBorder #GTRoad #TrafficJam #VillagersProtest #CommunityAction #RoadBlock #LocalNews #HaryanaNews #Protest #TrafficUpdate #SocialIssues #PublicAwareness #FamilySupport #CivicEngagement #RoadSafety #CommunitySolidarity #HaryanaProtests #CurrentEvents #NewsUpdate