सिरसा में सबसे कम हुई बारिश दर्ज, जींद, सिरसा और कैथल में 46% कम बारिश
सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा में मानसून रविवार को ब्रेक ले गया। रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलवाई बनी रही, लेकिन फतेहाबाद, हिसार और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों के अलावा पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। प्रदेश के अधिकतम तापमान में कल 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है।
हरियाणा में सबसे कम बारिश
इस मानसून के सीजन में प्रदेश के सिरसा में 77.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है जो प्रदेश में सबसे कम है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से लेकर अब तक प्रदेश के कैथल में 120.7 एमएम और जींद में 126.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इन तीनों ही स्थान पर बारिश 46% कम दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पंचकूला में अब तक 214.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है लेकिन यह है सामान्य से 58% कम है। अगर प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो पंचकूला में सबसे कम बारिश हुई है। इस सीजन में अंबाला में अब तक 237.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है और यह 53% कम है। प्रदेश के यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश 393.2 एमएम दर्ज की गई है, लेकिन यह भी यमुनानगर के हिसाब से सामान्य से 28% कम है। पलवल में 330 एमएम बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 50% ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, महेंद्रगढ़, नूंह और रेवाड़ी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनके अलावा फतेहाबाद, हिसार और कुरुक्षेत्र में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। जबकि अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगर पूरे प्रदेश की बात की जाए तो इस मानसून के सीजन में 12% बारिश कम दर्ज की गई है। अगस्त के प्रारंभिक नौ दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों को छोड़कर बाकी इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जिन क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है उनमें अंबाला, कैथल, करनाल, पंचकूला और यमुनानगर शामिल हैं।
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को हरियाणा में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आज सुबह बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने यमुनानगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी और चरखी दादरी में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार प्रदेश में 10, 11 और 13 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 12, 14 और 15 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान 10, 11 और 13 अगस्त को प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। यमुनानगर में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता की जरूरत है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में मौसम सुहावना होने तथा तापमान में भी राहत मिलने की संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य के आसपास रहा। प्रदेश में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान अंबाला में दर्ज किया गया। करनाल में 35.2, हिसार में 33.6, यमुनानगर में 36.6 गुरुग्राम और रोहतक में 36.4 पानीपत में 36.1 झज्जर और पलवल में 35.4, चरखी दादरी में 34.5 कैथल में 34.3 जींद में 34.1 नूंह में 33.6 भिवानी और सिरसा में 33.5, फतेहाबाद में 33.4 रेवाड़ी में 32.8 और महेंद्रगढ़ में 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहने की संभावना है। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों के लिए भी यह बारिश फसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
#YamunanagarRainfall #HaryanaWeather #RainfallUpdate #WeatherReport #ClimateChange #RainfallStatistics #Meteorology #HaryanaNews #WeatherTrends #RainfallAnalysis #DroughtConcerns #AgricultureImpact #WaterResources #EnvironmentalAwareness #RainfallPatterns #WeatherForecast #ClimateImpact #SustainableFarming #RainfallMonitoring #HaryanaAgriculture