सत्य खबर,गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज: In 2024, the BJP government will be formed again in the center and the state.
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की साख विदेशों में बढ़ी है। आगामी 25 वर्षों में भारत विश्व गुरू बन सकता है। जिस तरह से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजबूत हो रहे हैं, भाजपा मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कभी सरकारें भाजपा के सहयोग से बनती थी। वर्ष 2014 में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनी। सम्मेलन को भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य एवं सांसद डा. सुधा यादव, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, कार्यक्रम के संयोजक विधायक सुधीर सिंगला के अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस का दौर चला गया है। कई दशकों तक कांग्रेस सत्तासीन रही है। केंद्र में वर्ष 1988 में भाजपा के दो सांसद होते थे तो आज 303 हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्तासीन करने के लिए पन्ना प्रमुख की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पन्ना प्रमुख अगर जिम्मेदारी से काम करेंगे तो सब कुछ हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में 10 साल रहने के बाद मैनें मन बना लिया है कि हमारी भाजपा क्या है। गुरुग्राम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां से 70 प्रतिशत रेवेन्यू सरकार को जाता है। हरियाणा में गुरुग्राम से बेहतर जिला कोई नहीं है। खुद के भविष्य में टिकट मिलने को लेकर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मेरे 75 साल पूरे नहीं हुए हैं। हो सकता है पार्टी मुझे फिर से टिकट दे दे। मुझे टिकट मिले या ना मिले, पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही होने चाहिए। यह हम सबकी इच्छा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड के बाद दूसरे देशों को भी वैक्सीन भेजकर जता दिया कि भारत ऐसे देशों के साथ है। उनकी इसी उदारता का परिणाम है कि दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्ष हमारे प्रधानमंत्री के पांव छूते हैं।
Also Read:हरियाणा में आप की सरकार बनते ही दी जाएगी 300 यूनिट बिजली फ्री : अशोक तंवर
पूर्व सांसद एवं केंद्रीय चुनाव समिति भाजपा की सदस्या डा. सुधा ने पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होता है। भाजपा में कार्यकर्ता समर्पित होकर काम करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों को घर, मुफ्त उपचार आदि सुविधाएं देने का काम किया है। हर घर नल, हर घर गैस पहुंचाई। डा. सुधा यादव ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण का काम पीएम मोदी ने किया है। आज महिलाएं फाइटर जैट उड़ा रही हैं, सीमा पर पहरा दे रही हैं। अपने स्टार्टअप शुरू कर रही हैं। बीजेपी ने गरीबों पर केंद्रित योजनाओं को लागू करने के अलावा कई राजनीतिक वादे भी पूरे किए। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाना, राम मंदिर का निर्माण आदि अहम रहे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया।
पन्न प्रमुख सम्मेलन के संयोजक एवं विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गुरुग्राम को विकास के मामले में बुलंदियों पर पहुंचाया है। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, गुरुग्राम जिला भाजपा प्रभारी दीपक मंगला, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह, निवर्तमान मेयर मधु आजाद, चारों महामंत्री, भाजयुमो जिला अध्यक्ष, निवर्तमान पार्षदगण समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।