नशा समाज और युवाओं के भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन, सरकार उठा रही प्रभावी कदम : नायब सैनी
सत्य खबर हरियाणा
Fight against Drugs : हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में रविवार सुबह जगाधरी का मटका चौक एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नशे से जंग, यमुनानगर के संग’ जन-जागरूकता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में रिकॉर्ड 1.16 लाख से अधिक लोगों के पंजीकरण ने नशा विरोधी मुहिम को एक बड़े जनआंदोलन का रूप दे दिया। मैराथन को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री ने धावकों और नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मैराथन के लिए कुल 1,16,451 लोगों ने पंजीकरण कराया (जिसमें 76,411 पुरुष और 38,540 महिलाएं शामिल रहीं)। 5 किलोमीटर श्रेणी में 1,15,183 और 10 किलोमीटर श्रेणी के लिए 1,268 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन की शुरुआत जगाधरी का प्रसिद्ध मटका चौक से हुई। 10 किलोमीटर मैराथन के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख का था।

सुबह तड़के शुरू हुई ‘नशे से जंग, यमुनानगर के संग’ मैराथन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाई. पूरे मार्ग पर ‘नशा छोड़ो, जिंदगी से जुड़ो’ जैसे नारों के साथ लोगों ने नशामुक्त हरियाणा का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा समाज और युवाओं के भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। इस अभियान का उद्देश्य हर युवा को नशे से दूर रखकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है। जब पूरा समाज एकजुट होकर इस लड़ाई में आगे आएगा, तभी हरियाणा पूरी तरह नशामुक्त बन सकेगा। सरकार इस दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है और जनभागीदारी से इस अभियान को और मजबूत बनाया जाएगा।”
तैयारियों से जगमगा उठा शहर
मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से भव्य तैयारियां की जा रही थीं। जगाधरी और यमुनानगर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक रोशनी, सजावटी पौधों और नशा विरोधी संदेश वाले पोस्टरों से सजाया गया था। सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहजनक माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख हस्तियां
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नशा विरोधी मैराथन में बेहोश हुई बच्ची, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया
नशे के खिलाफ जनजागरूकता के उद्देश्य से रविवार को आयोजित मैराथन में हजारों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों की मौजूदगी के बीच एक बच्ची अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को अपनी सरकारी गाड़ी में तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार शुरू किया, जबकि धीरज कुमार स्वयं अस्पताल में मौजूद रहकर उसके उपचार की निगरानी करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ और दौड़ के दौरान अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से उसे तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी। चिकित्सकों ने बच्ची की स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
मैराथन में प्रशासन ने सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्रतिभागियों से सावधानी बरतने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सा टीम से संपर्क करने की अपील की। धीरज कुमार की त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
#MarathonAgainstDrugAbuse #DrugFreeIndia #RunForACause #ChiefMinisterSupport #CommunityUnity #HealthAwareness #EndDrugAbuse #100KStrong #TogetherWeCan #FitnessForChange #SocialAwareness #EmpowerYouth #HealthyFuture #RunForHealth #InspireChange #SupportLocalInitiatives #Marathon2023 #PublicHealth #AwarenessCampaign #JoinTheMovement