खाप के मंच का इस्तेमाल किसी को भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए नहीं करना चाहिए : वीर साहू
सत्य खबर हरियाणा
Veer Sahu comes in favor of Sapna Chaudhary : वर्तमान में अश्लील कंटेंट को लेकर चर्चा में आई सपना चौधरी को जहां किसी का समर्थन नहीं मिल पा रहा था वहीं सपना चौधरी के पति वीर साहू सामने आए हैं। बता दें कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से झगड़ा चल रहा है। इस मामले में सपना चौधरी ने वीर साहू के खिलाफ पुलिस और अदालत के बीच शरण ली है। अदालत में वीर साहू को सपना चौधरी से दूर रहने के लिए कहा था।

जाट आंदोलन दंगों के भगोड़े धर्मेंद्र हुड्डा की वीडियो के बाद अश्लील कंटेंट विवाद में घिरीं हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी के समर्थन में उनके पति वीर साहू सामने आए हैं। रोहतक के महम चौबीसी में हुई खाप पंचायत के बाद वीर साहू ने कहा, “महम चौबीसी के चबूतरे की अपनी मर्यादा है। यहां आकर अगर कोई निजी खुंदक निकालता है, तो उससे ज्यादा जलील आदमी कोई नहीं हो सकता। खाप के मंच का इस्तेमाल किसी को भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए नहीं करना चाहिए।”
वीर साहू ने कहा कि धर्मेंद्र हुड्डा का सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने का एक अलग तरीका रहा है, लेकिन उन्हें अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। विरोध करना हर किसी का अधिकार है, लेकिन उसका भी एक तरीका होता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी धर्मेंद्र हुड्डा से कोई निजी बातचीत या संपर्क नहीं है।
धर्मेंद्र हुड्डा ने वीडियो जारी कर सपना चौधरी पर हरियाणा की लड़कियों को बिगाड़ने का आरोप लगाया था। हुड्डा ने कहा था कि हरियाणा में डांस और सोशल मीडिया के जरिए जो अश्लीलता और फूहड़ता फैल रही है, उसके लिए कुछ एक्ट्रेस और डांसर जिम्मेदार हैं। इसके बाद इस मुद्दे पर चर्चा के लिए खापों ने महापंचायत बुलाई थी।
सपना चौधरी से जुड़े विवाद पर वीर साहू ने कहा, “हमारे बीच प्यार हो, विवाद हो या कोई और बात, वह हमारा निजी मामला है। महादेव और पार्वती के बीच भी विवाद होता था। अब हमारे बीच कोई विवाद है या नहीं, यह भी हमारे बीच की बात है। जिसका जितने समय तक साथ लिखा होता है, वह उतने समय तक साथ रहता है।”
वीर साहू ने कहा कि कुछ लोग खापों की आड़ लेकर अपने निजी स्वार्थ और पुरानी खुंदक निकालने की कोशिश करते हैं। मैं खापों के बीच इसलिए आया हूं, क्योंकि खापों ने हमेशा मेरा साथ दिया है। जब मेरा छोटा बेटा हुआ था, तब खाप मेरे साथ खड़ी थी और आज मैं खाप के साथ खड़ा हूं।
खाप पंचायत के दौरान वीर साहू युवाओं की ओर से बोलने के लिए खड़े हुए। उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देना है, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का मौका ही नहीं दिया जा रहा। युवाओं के सुझाव भी सुने जाने चाहिए। इसी वजह से कुछ युवा नाराज होकर पंचायत छोड़कर चले गए। आखिर में उन्होंने कहा, “हर कोई राम बनने की लड़ाई लड़ रहा है, कोई लक्ष्मण भी बनकर देखे।”
हरियाणवी डांसर-एक्ट्रेस सपना चौधरी को लेकर जाट आरक्षण हिंसा मामलों में फरार चल रहे धर्मेंद्र हुड्डा ने वीडियो जारी कर विवादित टिप्पणी की थी। धर्मेंद्र हुड्डा पर पलटवार करते हुए सपना चौधरी ने अपने विदेशी दौरे के दौरान शेयर की एक तस्वीर के कैप्शन में लिखा- “सुंदरता सिर्फ ध्यान खींचती है, मगर इंसान का अच्छा चरित्र दिल जीत लेता है।” उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन यूजर्स ने इस पोस्ट पर धर्मेंद्र हुड्डा से जुड़े कमेंट किए।