कई जगह प्रधानमंत्री के पुतले फूंके, राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन
सत्य खबर हरियाणा
Congress Protest against Central Government and Delhi Police : आज हरियाणा भर में जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के नेतृत्व में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस में दिल्ली में प्रदर्शनी के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज करने और कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोपी पुलिस वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में केंद्रीय मानव एवं संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्थिति में की भी मांग की गई है।

जींद में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोहाना रोड से लघु सचिवालय तक मार्च निकाला। ज्ञापन में NEET पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जांच कराने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
फतेहाबाद में भारत की जनवादी नौजवान सभा और अन्य लोकतांत्रिक संगठनों के आह्वान पर अंबेडकर पार्क से रोष मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में छात्रों, डॉक्टरों, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर आवाज उठा रहे युवाओं के खिलाफ बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस नीति बनाने की मांग की।
नूंह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहीदा खान के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग और राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं के साथ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादती की जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
अंबाला शहर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पॉलिटेक्निक चौक पर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद धीमान ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतंत्र के खिलाफ है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश महल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है।
कुरुक्षेत्र में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस करोड़ों छात्रों के भविष्य की लड़ाई लड़ रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया है। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है और छात्रों पर की गई कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
नारनौल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया के नेतृत्व में लघु सचिवालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। सत्यवीर झुकिया ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से परेशान हैं। ऐसे समय में सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनके शांतिपूर्ण आंदोलन पर बल प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की हिरासत की भी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
प्रदेशभर में दिए गए ज्ञापनों में कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें दोहराईं- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, NEET पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा और छात्रों व कांग्रेस नेताओं पर दर्ज सभी मुकदमों की वापसी।
#HaryanaProtests #CongressInAction #DharmendraPradhan #ResignationDemand #ParliamentaryDiscussion #PaperLeakIssue #JusticeForAll #PoliticalAccountability #HaryanaPolitics #PublicOutcry #DemandingChange #VoicesOfThePeople #ProtestForJustice #PoliticalReform #HaryanaUnity #StandWithCongress #CivilRights #TransparencyInGovernment #AccountabilityMatters #HaryanaAwakening