सत्य खबर,चण्डीढ़(ब्यूरो रिपोर्ट)
2019 विधानसभा चुनाव में हरियाणा में 75 पार का नारा सफल ना होने से आहत बीजेपी ने अब सरकार और संगठन के बीच दूरी खत्म करने की रणनीति तैयार की है। संगठनात्मक चुनाव की तैयारियों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी कोर टीम को कार्यकर्ताओं के बीच उतार दिया। सीएम की यह टीम राज्य के हर जिले में जाएगी और वहां के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मंत्रणा करेगी।
जिसके लिए जिलों में भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों से बात करने के लिए मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रांतीय संगठन महामंत्री सुरेश भट्ठ, महामंत्री संदीप जोशी और चौ. वेदपाल एडवोकेट की ड्यूटी निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी और अजय गौड़ भी कोर टीम के साथ मंत्रणा करेंगे।
राजनीतिक व संगठनात्मक कार्यो के लिए सीएम ने अपने दोनों सचिवों में 11-11 जिले बांट दिए हैं। उत्तर हरियाणा के सभी प्रमुख जिलों समेत करनाल कृष्ण कुमार बेदी के पास है ।25 दिसंबर तक सभी जिलों में कोर टीम के साथ बैठकें कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बता गें कि भाजपा की हर जिले में 10 से 12 प्रमुख लोगों की कोर टीम है। सीएम की ये कोर टीम हर जिले में उन नेताओं के साथ भी मंथन करेगी, जो लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हुए हैं। ऐसे में पार्टी नेताओं को भाजपा की रीति-नीति से वाकिफ कराते हुए संगठन के चुनाव में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाने को कहा जाएगा।
वहीं भाजपा का मानना है कि संगठन और सत्ता के बीच की दूरी की वजह से पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिल पाई है। भाजपा हालांकि जिला स्तर पर हार के कारणों की समीक्षा कर चुकी है।
भाजपा की जिला स्तरीय बैठकों में संगठन के चुनाव की दिशा तय की जाएगी। पहले बूथ, फिर मंडल और उसके बाद जिला तथा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव होंगे। करीब एक दर्जन जिलों में अध्यक्ष बदले जाने हैं। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी बदलाव तय है। इस पद के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, सीएम के मौजूदा राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मीडिया एडवाइजर राजीव जैन और सांसद नायब सिंह सैनी के नाम चल रहे हैं।
Aluminium scrap sorting Aluminium waste audit Scrap metal disposal