Arvind Kejriwal Gujarat visit: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 1 से 3 जुलाई तक गुजरात दौरे पर हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हाल ही में हुए विसावदर उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाना और ‘गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान’ की शुरुआत करना है। 1 जुलाई को केजरीवाल अहमदाबाद पहुंचेंगे और एक बड़ी जनसभा में जनता और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देंगे। यह जीत भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने वाली मानी जा रही है जिससे आप कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है।
गुजरात जोड़ो अभियान से होगा संगठन मजबूत
केजरीवाल की यह यात्रा केवल जीत का जश्न नहीं बल्कि भविष्य की रणनीति का हिस्सा भी है। 2 जुलाई से शुरू होने वाले ‘गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान’ के तहत आम आदमी पार्टी का लक्ष्य है कि एक लाख नए सदस्य बनाए जाएं। इनमें 5,000 स्थानीय स्तर के नेताओं को शामिल किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के नाराज और निष्क्रिय नेताओं को भी पार्टी में लाने पर जोर दिया जाएगा। यह पूरा अभियान 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा है।
विसावदर की जीत बनी गेम चेंजर
विसावदर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने भाजपा को हराकर 51.05% वोट हासिल किए। वहीं कांग्रेस की जमानत भी जब्त हो गई। यह जीत इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि विसावदर लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है। केजरीवाल ने इसे 2027 के चुनाव का सेमीफाइनल बताते हुए गोपाल इटालिया को “हीरो” करार दिया था। यह जीत पार्टी को गुजरात में नया संबल दे रही है।
तीन दिनों में तैयार होगी नई रणनीति
गुजरात यात्रा के दौरान केजरीवाल कई आंतरिक बैठकों में भी भाग लेंगे। इन बैठकों में राज्य अध्यक्ष इसुदान गढ़वी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें आगामी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। केजरीवाल गुजरात में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करेंगे।
दिल्ली की हार के बाद नई उम्मीद बना गुजरात
दिल्ली विधानसभा चुनाव में झटका खाने के बाद आम आदमी पार्टी के लिए यह गुजरात की जीत किसी संजीवनी से कम नहीं है। पंजाब के बाद गुजरात में मिली सफलता ने पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी है। केजरीवाल का मानना है कि गुजरात की जनता भाजपा से परेशान हो चुकी है और अब एक मजबूत विकल्प के रूप में ‘आप’ को देख रही है।