Indian railway: रेलवे ट्रैक पर सेल्फी और रील बनाना पड़ेगा भारी! अब जेल और मोटा जुर्माना तैयार रखिए

Indian railway: आजकल रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने और रील बनाने का चलन युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन यह खतरनाक शौक अब जानलेवा साबित हो रहा है। देशभर में कई घटनाओं में लोगों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे में अब रेलवे ने इस पर सख्त रुख अपनाया है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि जो भी व्यक्ति रेलवे ट्रैक या उसके आस-पास सेल्फी लेता, वीडियो बनाता या रील शूट करता पाया गया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व तटीय रेलवे (East Coast Railway – ECOR) ने एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें ऐसे लोगों को चेतावनी दी जा रही है जो ट्रैक, चलती ट्रेन के फुटबोर्ड या ट्रेन की छत पर वीडियो या फोटो शूट करते हैं।
15 वर्षीय किशोर की मौत से सबक नहीं ले रहे लोग
रेलवे अधिकारियों ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि इस तरह की हरकतें न केवल जानलेवा हैं बल्कि रेलवे अधिनियम 1989 के तहत दंडनीय अपराध भी हैं। यह चेतावनी उस दर्दनाक घटना के दो दिन बाद फिर से जारी की गई, जिसमें ओडिशा के पुरी में 15 वर्षीय बिष्णुजीत साहू की मौत हो गई थी। वह रेलवे ट्रैक के पास वीडियो बना रहा था, तभी उसे ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस घटना ने सभी को झकझोर दिया, लेकिन इसके बावजूद लोग अब भी इस तरह के जोखिम भरे कार्य करने से बाज नहीं आ रहे।

रेलवे ने दी सख्त चेतावनी – यह मनोरंजन का क्षेत्र नहीं
पूर्व तटीय रेलवे ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर और चलती ट्रेनें मनोरंजन की जगह नहीं हैं। ये अत्यधिक जोखिम वाले ऑपरेशनल क्षेत्र हैं, जहां प्रवेश करना या स्टंट करना किसी भी व्यक्ति के जीवन के लिए बड़ा खतरा है। रेलवे ने इसे गंभीर आपराधिक लापरवाही का कार्य बताया है। अधिकारियों के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ अपनाई जाए।
जेल और जुर्माने का प्रावधान, जागरूकता अभियान भी शुरू
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जो भी व्यक्ति रेलवे अधिनियम की धारा 147 और 153 का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ जेल और भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे इन खतरनाक हरकतों से दूर रहें, क्योंकि ट्रैक के ऊपर मौजूद हाई-वोल्टेज बिजली के तारों से संपर्क में आने पर जान गंवाने का खतरा रहता है। पूर्व तटीय रेलवे अब जागरूकता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक घोषणाओं, डिजिटल मीडिया संदेशों और गश्ती अभियानों के माध्यम से लोगों को चेतावनी दे रही है। जुलाई में ओडिशा के बौध जिले में रेलवे पुलिस ने दो लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिन्होंने ट्रैक पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।