हरियाणा में इस दिन से करवट लेगा मौसम,जानिए अपने जिला का हाल

Weather will change in Haryana from this day know the condition of your district
सत्य खबर, चंडीगढ़ । हरियाणा में अब ठंड दिनों दिन बढ़ती जा रही है। बीती रात कुरुक्षेत्र, जींद व अंबाला को छोड़ अन्य सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यमुनानगर की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। यहां रात का पारा 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटों में जींद में तापमान बढ़ा है, जबकि अन्य सभी जिलों में तापमान में गिरावट का दौर जारी है। आज से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (WD) का आंशिक असर देखने को मिलेगा।
छाएंगे बादल, चलेगी हवा
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 13 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 10 व 11 दिसंबर को मौसम परिवर्तनशील रहेगा। बीच बीच में हल्की बादलवाई रहने व हवाएं चलने की संभावना है।
13 से फिर बदलेगा मौसम
उन्होंने बताया कि इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 दिसंबर रात से फिर से आंशिक बादलवाई व मौसम खुश्क होने की संभावना बन रही है।
रात को यहां कड़ाके की ठंड
हरियाणा के कई जिले अब रात को ठंड झेल रहे हैं। इनमें यमुनानगर, महेंद्रगढ़, हिसार का बालसमंद व पंचकूला शामिल हैं। इन जिलों में रात का तापमान अब 6 डिग्री के आसपास चल रहा है। सभी जिलों में पारा दिनों दिन अब गिरता ही जा रहा है। फरीदाबाद-मेवात बॉर्डर पर स्थित मंडकोला में 24 घंटे में 1.6 डिग्री तक पारा गिरा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरावट यहीं दर्ज की गई है। साथ ही हिसार के बालसमंद व गुरुग्राम में 1.1डिग्री तक तापमान गिरा है।
कुरुक्षेत्र की रात सबसे गर्म
शनिवार की रात कुरुक्षेत्र में न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा 10.6 डिग्री दर्ज किया गया। हांलाकि जींद में तापमान सबसे ज्यादा 1.5 डिग्री तक बढ़ कर 10.2 डिग्री रहा। अंबाला में रात का तापमान 10.4 डिग्री रहा। हालांकि अंबाला में पिछले दिन की तुलना में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।