हरियाणा

अम्बाला से भाजपा से चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदार ने की पत्रकार वार्ता

सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अम्बाला लोकसभा सीट पर भाजपा से चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदारों में शामिल मास्टर अमर सिंह नंद गढ़ आज नारायणगढ़ स्थित विश्राम गृह पहुंचे। जहां पत्रकारों से बातचीत में अमर सिंह नंद गढ़ ने बताया कि वे वर्ष 1980 से आरएसएस से जुड़े हैं और अंबाला मंडल में बतौर कार्यवाह काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा चुनाव समिति की सूची में उनका नाम आते ही विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों व मौजिज लोगों ने उनसे मिलना शुरू किया है। इससे पहले वह एक शिक्षक के तौर पर ही जाने जाते रहें हैं। उन्होंने बताया कि वह जब वे 9 वर्ष के थे तब मुख्यमंत्री मनोहर लाल यमुनानगर के जिला प्रचारक थे और उन्होंने ही उन्हें पढ़ाया है और बतौर अभिभावक उनके दाखिला फार्म पर हस्ताक्षर भी किये थे। हरियाली मास्टर के नाम से जाने जाने वाले अमर सिंह नंद गढ़ का नाम संभावित उम्मीदवार की सूची में आने से उनके गांव वालों व जानकारों में खुशी का माहौल है। अमर सिंह नंद गढ़ ने बताया कि अगर पार्टी उनको मौका देती है तो वह अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करेंगे। उल्लेखनीय है कि अमर सिंह नंदगढ़ वर्तमान में दादुपर स्कूल में बतौर हेड मास्टर कार्यरत हैं और स्कूल को हरा भरा बनाने के साथ-साथ विभिन्न समाज सेवा के कार्यों के कारण समाज में लोकप्रिय हैं। उन्होंने बताया कि अपने गांव के शमशान घाट की दशा सुधारने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा था जिससे शिव धाम नवीनीकरण योजना की शुरुआत हुई व पूरे प्रदेश के शमशान घाटों की दशा सुधारने के लिए 750 करोड़ रूपये का बजट जारी हुआ। अमर सिंह नंदगढ़ ने बताया कि संघ के साथ साथ डेरा सीरस गढ़, डेरा कपाल मोचन, दिव्य जाग्रति मंच व कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं।

Back to top button