सत्यखबर, पानीपत
शहर की मुखिजा कॉलोनी निवासी ट्रक चालक की हत्या के मामले में सीआईए 3 पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि चालक के गाली-गलौज करने के बाद उससे कहासुनी हुई थी। जिसके बाद एक आरोपी ने चालक को लात मार दी थी। जिसके बाद वह सडक़ पर पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई। पहले परिजन चालक की मौत को हादसा मान रहे थे, लेकिन गोहाना रोड स्थित एक राइस मिल की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मौत का राज खुला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी की है। वहीं सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 21 मई को गोहाना रोड पर 42 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। अगले दिन मृतक की पहचान मुखिजा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय ट्रक ड्राइवर सुभाष के रूप में हुई। तब उसके परिजन हादसे में मौत होना मान रहे थे,लेकिन बाद में पता लगा कि सुभाष की हत्या की गई है।
जिसके बाद सुभाष के भाई सुमेर सिंह ने मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शिकायत की। पुलिस ने गोहाना रोड स्थित एक राइस मिल के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमें चार युवक सुभाष के साथ मारपीट करते हुए नजर आए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पहचान के बाद इसराना निवासी विकास उर्फ विक्की, रामबीर, संदीप और प्रदीप को गिरफ्तार किया गया। विकास ने बताया कि गोहाना रोड पर सुभाष ने उनके साथ गाली.गलौज की थी। जिसके बाद उसने सुभाष को लात मारी थी। जिसके बाद सुभाष सडक़ पर गिर गया था। उसे वहीं छोडक़र वह अपने तीनों साथियों के साथ मौके से चला गया। कुछ देर बाद चारों फिर वहां आए। तब भी सुभाष सडक़ पर पड़ा था। सुभाष को देखने के बाद वह सभी अपने-अपने घर चले गए थे। लात लगने के कारण सुभाष की मौत हो गई।
पुलिस ने विकास पर हत्या और बाकी तीनों आरोपियों पर हत्या में सहयोग का केस दर्ज किया है। सीआईए 3 प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Aluminum scrap recycling process explained Aluminum recycling innovations Environmentally friendly scrap metal trading