हल्का नारायणगढ़ के सभी बूथों पर कम से कम 10 कार्यकर्ताओं की कमेटी का किया जायेगा गठन : रामकिशन गुज्जर
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। कांग्रेस पार्टी लोकसभा अम्बाला के उप चुनाव व लोकसभा के आम चुनाव के लिए हर समय तैयार है। ये शब्द हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर ने गुज्जर धर्मशाला नारायणगढ़ में आयोजित हल्का नारायणगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कहे। रामकिशन गुज्जर के साथ विधायक शैली चौधरी, बिरेन्द्र सिंह गुज्जर व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। रामकिशन गुज्जर ने बताया कि हल्का नारायणगढ़ के सभी बूथों पर कम से कम 10 कार्यकर्ताओं की कमेटी का गठन किया जायेगा जिसमें महिलाएं भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर गठित की जाने वाली कमेटी में सभी जातियों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जायेगा। गुज्जर ने कहा कि भाजपा व जजपा का स्वार्थ का गठबंधन है जिसे ठगबंधन भी कहा जा सकता है। ये तो लालच को पूरा करने के लिए विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद बनाया गया गठबंधन है। भाजपा जजपा चाहे गठबंधन में रहें या गठबंधन को तोड़ ले इससे कोई अंतर नहीं पड़ेगा। जनता ने कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। गुज्जर ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों के हजारों पद रिक्त पड़े हैं लेकिन सरकार भर्ती नहीं कर रही। बेरोजगार बच्चों को रोजगार देना चाहिये। लोग अपनी जमीन बेचकर अपने बच्चों को रोजगार के लिए विदेशों में भेज रहे हैं। हालात ये हैं कि युवाओं के रोजगार के लिए विदेश जाने के कारण गांव के गांव खाली हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया जायेगा।
रामकिशन गुज्जर ने कहा कि प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। तहसील में जमीन की रजिस्ट्री करवाकर व सरकारी विभागों में जाकर कोई काम करवाने पर भ्रष्टाचार का पता चल जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार पोर्टल की सरकार है जहां सब कुछ पोर्टल पर हो रहा है। मुख्यमंत्री महोदय जनता को बता दें कि अगर परिवार पहचान पत्र में गल्ती हो तो कहां ठीक करवायें। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लाखों निर्धन परिवारों के बीपीएल कार्ड काट दिये गए हैं व लाखों पीले राशन कार्ड काट दिये गए हैं। परिवार पहचान पत्र योजना से आम लोग परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जजपा की सरकार के कार्यकाल में महिला पहलवान धरने पर बैठी हैं और सरकार उन पर लाठी चार्ज करवा रही है। सरपंच, कर्मचारी, खिलाड़ी, व्यापारी व किसान सभी वर्ग सरकार से परेशान हैं। रामकिशन गुज्जर ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हजारों रिक्त पदों पर भर्ती की जायेगी व बढती मंहगाई व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जायेगा। परिवार पहचान पत्र योजना को बंद किया जायेगा, बुढापा पेंशन 6 हजार रूपये मास की जायेगी, निर्धन परिवारों को 100 गज का प्लॉट दो कमरे बनाकर दिया जायेगा। बिजली की 300 यूनिट नि:शुल्क दी जायेंगी। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी जायेगी। इस अवसर पर राजबीर राणा, गुरमिन्द्र सिंह बेरखेड़ी, पार्षद नरेन्द्र देव शर्मा, माम चन्द मुकंदपुर, प्रवीण शर्मा, नीरज सलोला, गुरमेल सिंह पंजेटों, दीपेन्द्र सिंह, मुकेश धीमान, संदीप नखडौली, मुलख राज, चमन लाल, सर्वजीत सिंह विक्की, रामजी लाल, पवन मुगलमाजरा, रवि कुमार, मेजर, फूल चन्द, कुलबीर सिंह, कुलबीर सिंह, परमजीत कालड़ा, सुभाष शर्मा, चमन डेरा, मलखान डेरा, सुच्चा सिंह, सुरजीत राउमाजरा, रविन्द्र बरोली, सुरेश धीमान, योगी नगोली, सुखदेव सिंह, बृज मोहन सैनी, गुलजार सिंह, राजबीर कोडवा, अमित विकास, जयपाल चौधरी, पूर्व पार्षद रति राम गुज्जर, सतपाल टोका, अनिरूद्ध कपूर, अरविन्द कुमार, नरेश फिरोजपुर, सतीश धनाना, चेयरमैन पंचायत समिति नीरज सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।