सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन सैनी के नेतृत्व में महिला मोर्चा की सदस्यों ने नारायणगढ़ में धूमधाम से हरियाली तीज पर्व मनाया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष सुनीता दांगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि सुनीता दांगी को भाजपा नेत्री सुमन सैनी ने पगड़ी पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनीता दांगी व सुमन सैनी ने सभी महिलाओं व लड़कियों को हरियाली तीज की बधाई दी और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा हरियाणवी डांस पेश किया गया व महिलाओं के लिए कैट वॉक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की आयोजक सुमन सैनी ने कहा कि ऐसी मान्यता है कि यह पर्व महादेव शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है जो हमारी आस्था का प्रतीक है। सुमन सैनी ने कहा कि तीज के उत्सव में कुंवारी कन्याओं से लेकर विवाहित महिलाएं और वृद्ध महिलाएं सम्मिलित होती हैं। नव विवाहित युवतियां प्रथम सावन में मायके आकर इस हरियाली तीज में सम्मलित होने की परम्परा है। हरियाली तीज के दिन सुहागिन स्त्रियाँ हरे रंग का श्रृंगार करती हैं। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंची सभी महिलाओं व मुख्यातिथि सुनीता दांगी का धन्यवाद किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष सुनीता दांगी ने कहा की हमारे देश में तीज त्यौहार का अपना विशेष महत्व है। आज के आधुनिक समय मे तीज जैसे पर्व सामूहिक तौर पर मनाना हमारी प्राचीन संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। तीज का त्यौहार आस्था, सौंदर्य और प्रेम का प्रतीक है क्योंकि इस दिन हम सभी आपसी मतभेदों को भूलकर प्रेम के साथ इस पर्व को मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व मिलजुल कर मनाने से समाज मे आपसी प्रेम व भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हंै। इस अभियान को पूरी तरह से सफल बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में महिला मोर्चा जिला प्रधान गुरप्रीत कौर, पारुल सभरवाल, नगरपालिका प्रधान रिंकी वालिया, उप प्रधान आइना गुप्ता व अन्य महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका की पूर्व अध्यक्षा जगदीप कौर, पार्षद रानी धीमान, पिंकी कांगड़ा, प्रीतपाल कौर मक्कड़, मोक्षी मक्कड़, लालिमा सिंह, राजिन्द्र कौर व मिनाक्षी वालिया सहित भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।