प्रदेश का हर वर्ग भाजपा जजपा गठबंधन सरकार से परेशान : रामकिशन गुज्जर
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर ने हलका नारायणगढ़ के गांव भाल माजरा, गदौली, चमेल माजरा, मंगत माजरा व गुज्जर माजरा का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना व ग्रामीणों को अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित हाथ से हाथ जोडो अभियान के बारे जानकारी दी। रामकिशन गुज्जर ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग भाजपा जजपा गठबंधन सरकार से परेशान हो चुका है। प्रदेश में विकास का कोई कार्य दिखाई नहीं दे रहा। किसान, व्यापारी, कर्मचारी, श्रमिक, युवा सभी अपनी मांगों व सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण धरने प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। किसानों को फसल का एमएसपी नहीं मिल रहा व शुगर मिल से पेमेंट लेने के लिए किसानों को धरने प्रदर्शन करने पडते हैं। लोगों में गठंबधन सरकार के प्रति नाराजगी है। उन्होंने कहा कि पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी हार होगी व कांग्रेस सत्ता में आयेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ किया जायेगा, पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया जायेगा, निर्धन परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दो कमरे बनाकर दिये जायेंगे, रसोई गैस सिलेंडर 500 रूपये में दिया जायेगा, हर घर में 300 यूनिट बिजली मुफत दी जायेगी, परिवार पहचान पत्र को समाप्त किया जायेगा, काटे गए पीले राशन कार्ड व बीपीएल कार्ड फिर से बनाये जायेंगे। इस अवसर पर बिरेन्द्र सिंह गुज्जर, गुरमिन्द्र सिंह बेरखेडी, कुलबीर सिंह, अमित विकास, माम चन्द मुकंदपुर, सर्वजीत सिंह, रणजीत सिंह रामगढ़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।