प्रदेश की जनता लोकसभा की 10 सीटों व करनाल विधानसभा सीट पर भाजपा को जीत दिलाने का काम करे : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। नारायणगढ़ की अनाज मंडी में चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता लोकसभा की 10 सीटों व करनाल विधानसभा सीट पर भाजपा को जीत दिलाने का काम करे। लोकसभा की 543 सीटों में से अम्बाला लाकसभा की सीट से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को सबसे बडी जीत दिलवाकर पूरे देश में रिकार्ड कायम करें व शेष काम उन पर छोड दें। नारायणगढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें बडी जिम्मेवारी सौंपी है जिसे अच्छे से निभाने के लिए उन्हें जनता का आशीर्वाद चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारायणगढ़ के लोगों की आवाज इतनी बुलंद होनी चाहिए कि वह आवाज देश के यशश्वी प्रधानमंत्री तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे अपने घर के लोगों के बीच पहुंचे हैं व सभी लोगों को दिल से प्रणाम करते हंै। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें वर्ष 2003 में नारायणगढ़ की जनता के बीच सेवा करने का कार्य सौंपा था जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। जनता ने बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया जिसके लिए वह सिर झुकाकर जनता को प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री मनोहर लाल जी ने हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया था। उसी तरह हरियाणा में हर जगह समान विकास हुआ जबकि पूर्व की सरकारें एक ही क्षेत्र का विकास करती थी और पूरे हरियाणा की अनदेखी की जाती थी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हलका नारायणगढ़ की जनता की बात सुनने के लिए कोई न कोई जनता के बीच रहेगा। अभी आचार सहिंता के कारण बहुत बातें बोल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि आज के दिन ही गुरू गोविन्द सिंह जी द्वारा खालसा पंथ की स्थापना की गई थी वह उस पवित्र दिन पर जनता को बधाई देते हैं। सरकार ने भारत व हरियाणा की संस्कृति को बचाने व उसके सरंक्षण के लिए भी बहुत काम किया है। पाकिस्तान तक कोरिडोर बनाने का काम भी श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने स्वर्गीय कटारिया जी की पत्नी बंतो कटारिया को कमल का फूल देकर अम्बाला लोकसभा की जनता के बीच भेजा है। स्वर्गीय कटारिया जी जनता की आवाज को लोकसभा में हमेशा उठाते थे। अब जनता के आशीर्वाद से यह कार्य उनकी धर्मपत्नी बंतो कटारिया करेंगी। अम्बाला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया ने भी लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मदन चानना, संजय डांग व शिविश वशिष्ट अपने साथियों सहित भाजपा में शामिल हुए जिनका भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी, परिवहन मंत्री असीम गोयल, जिला परिषद चेयरमैन राजेश कुमार लाडी, भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, पवन सैनी, भोपाल सिंह, नीता खेड़ा, नगरपालिका चेयरपर्सन रिंकी वालिया, उपाध्यक्षा आइना गुप्ता, पार्षद रानी धीमान, पार्षद जशन ढींगरा, सुरेन्द्र राणा, राजेश बतौरा, सतीश धीमान, जसविन्द्र बख्तुआ, अश्वनी अग्रवाल, अमित वालिया, पवन गुज्जर, पार्षद प्रदीप गोयल सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।