सत्यखबर, जींद
हरियाणा में शनिवार को कोरोना की वजह से पांचवीं मौत हो गई। अम्बाला की रहने वाली एक 62 वर्षीय महिला ने चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। महिला किडनी,लीवर और शुगर की बीमारी से पीडि़त थी। शनिवार दोपहर में उसकी मौत हो गई। अम्बाला में यह कोरोना की वजह से दूसरी मौत हुई है,इससे पहले एक बुजुर्ग की भी अम्बाला में मौत हुई थी। रोहतक,फरीदाबाद और करनाल में भी 1-1 मौत कोरोना से हो चुकी है। वहीं कुल मरीजों की संख्या 370 पहुंच गई है। शनिवार को 6 नए मरीजों का इजाफा गुरुग्राम में हुआ। वहां अब कुल मरीजों की संख्या 63 हो गई है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वहीं प्रदेश में शनिवार को ठीक होने वालों की संख्या नहीं बढ़ी। इस समय प्रदेश में कुल 124 एक्टिव मरीज हैं,जो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
मृतक महिला को शुगर की बीमारी थी
अम्बाला के सिविल सर्जन कुलदीप सिंह द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अम्बाला के रत्नगढ़ गांव की रहने वाली 62 वर्षीय महिला की बीते शनिवार को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती करवा दिया गया था। महिला को किडनी की दिक्कत थी,उसका डायलिसिस चल रहा था। पिछले तीन महीने से लगातार डायलिसिस करवा रही थी। उसके लीवर में भी कुछ बीमारी थी। इसके साथ-साथ पिछले 20 साल से शुगर की मरीज थी। डॉक्टर का कहना है कि महिला की रोगों से लडऩे की क्षमता बिल्कुल खत्म हो चुकी थी। अब कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उसकी शनिवार को मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इच्छा जाहिर की है कि महिला का अंतिम संस्कार चंडीगढ़ में ही कर दिया जाना चाहिए। वहां उसका संस्कार कोरोना मरीज के प्रोटोकॉल के हिसाब से संस्कार किया जाएगा।
6 में से एक स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल
गुरुग्राम में 6 मरीजों में से तीन मरीज दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से सटे डूंडाहेड़ा गांव से मिले हैं। जबकि दो मरीज सेक्टर-18 स्थित गंगा विहार व सिरहोल गांव से जबकि एक पेशेंट ज्योति पार्क क्षेत्र से सामने आया है। सभी नए मरीज कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। साथ ही इन सबके परिजनों के भी नमूने लेकर विभाग ने जांच के लिए भेज दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए मरीजों में एक स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल है। वह दिल्ली के लक्ष्मीगार्डन स्थित किसी अस्पताल में एंबुलेंस चालक है। सरहोल गांव निवासी दो संक्रमित दिल्ली की फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। वहां के एक पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से इन्हें कोरोना हुआ है।
हरियाणा में सबसे ज्यादा 63 केस गुरुग्राम के
राज्य में सबसे ज्यादा 63 केस गुरुग्राम के हैं। इसके बाद फरीदाबाद में 61, नूंह में 58, झज्जर और पलवल में 34-34, सोनीपत में 26, पंचकूला में 18, अम्बाला में 14, पानीपत में 13, करनाल और सिरसा में 6-6, हिसार और रोहतक में 4-4, भिवानी, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 3-3. जींद, कैथल में 2-2, चरखीदादरी और फतेहाबाद में 1-1 पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुडग़ांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा गया है। उनके समेत प्रदेश में अब कुल 241 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 52, फरीदाबाद में 42, गुरुग्राम में 38, पलवल 32, पंचकूला में 17, अम्बाला में 11, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 241 हो जाता है। प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुरुग्राम 15, अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।
Scrap aluminium disassembly Aluminium recycling certification process Metal reuse center