सत्य खबर, सोनीपत। सोनीपत से 3 अक्टूबर से लापता युवक-युवती को लड़की के परिजनों ने 25 दिसंबर को पलवल कोर्ट से पकड़ लिया। इसके बाद सोनीपत लाकर युवक को बंधक बना लिया गया। तीन दिन बाद युवक के परिजनों को इसका पता चला तो पुलिस ने उसे मुक्त कराया। युवक ने बताया कि उसके साथ कई दिन से मारपीट की जा रही थी।
दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। थाना शहर में युवक हरिओम के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म करने और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। दूसरी तरफ थाना सिविल लाइन में लड़की के पिता और अन्य के खिलाफ युवक को बंधक को बंधक बनाने व मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। युवक को शहर पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है।
कुरुक्षेत्र में किया दुष्कर्म
बताया गया है कि सोनीपत शहर निवासी युवक हरिओम की पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लडक़ी से दोस्ती थी। आरोप है कि उसने लड़की को बहला फुसला कर 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र बुला लिया। युवक ने वहां एक शिक्षण संस्थान में दाखिला ले रखा था। वहां दोनों एक होटल में रुके। हरिओम ने यहां नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। उसके अश्लील फोटो खींचे।
युवती को लेकर दिल्ली गया
लड़की के परिजनों की शिकायत पर शहर थाना में 4 अक्तूबर को हरिओम के खिलाफ नाबालिग बेटी को बहकाकर ले जाने के आरोप केस दर्ज गया था। इससे पहले कि पुलिस और लड़की के परिजन उनको तलाशते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचे, हरिओम अगले दिन लड़की को लेकर दिल्ली चला गया। इसके बाद वे पलवल, फरीदाबाद और सोहना में रहे।
27 नवंबर को की शादी
युवक-युवती ने 27 नवंबर को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इस बीच युवक लडक़ी को लेकर 25 दिसंबर को पलवल कोर्ट में पहुंचा। लड़की के परिजनों को पहले से ही इसकी भनक लग गई थी। वे वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। 25 दिसंबर को लडक़ी के परिजनों ने बेटी के मिलने की जानकारी पुलिस को दी थी। जिस पर पुलिस ने युवती के बयान और अन्य सबूत के आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया।
युवक का नहीं चला पता
लड़की के बरामद होने के बाद आरोपी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। लड़के के परिजन भी उसकी तलाश में लगे थे। 27 दिसंबर को उनको पता लगा कि युवक को लडक़ी के परिजनों ने पकड़ रखा है। इसकी जानकारी पुलिस को दी तो सिविल लाइन थाना क्षेत्र से युवक को बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने कराया मुक्त
युवक के साथ जमकर मारपीट की गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। युवक की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने लडक़ी के परिजनों पर युवक को बंधक बनाने, मार-पिटाई करने का केस दर्ज कर लिया है। युवक को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट से दो दिन रिमांड पर लिया है।
Aluminum scrap recycling Aluminium recycling technologies Scrap metal recycling plant