ट्रैक्टर यात्रा प्रकरण व किसान की मौत मामले की सीबीआई से हो जांच : राम किशन गुज्जर
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। केन्द्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के समर्थन में भाजपा द्वारा 14 अक्तूबर को नारायणगढ़ से शहजादपुर तक निकाली गई टै्रक्टर यात्रा का रास्ता रोकने व यात्रा के दौरान ट्रैक्टर पर सवार गांव बड़ा गढ़ के एक किसान की मौत के मामले में नारायणगढ़ पुलिस द्वारा नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है व कुछ लोगों की धर पकड़ भी शुरू कर दी है।
वहीं खंड नारायणगढ़ के गांव बड़ा गढ़ में आज मृतक किसान भरत सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ व सांसद नायब सिंह सैनी शामिल हुए। धनखड़ ने मृतक को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गत दिवस के घटनाक्रम में जिस प्रकार से कृषि कानूनों के समर्थक किसानों के साथ धक्का मुक्की की गई और इसी दौरान एक किसान भरत सिंह राणा की जान चली गई है। भरत सिंह की मृत्यु ने पूरे हरियाणा को हिला दिया है। इस घटनाक्रम को अंजाम देने वालों की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि हांलाकि भरत सिंह राणा के पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उनका भी यह प्रयास होगा कि परिवार को पूरा न्याय मिले और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही हो।
वहीं पूर्व विधायक राम किशन गुज्जर ने किसान भरत सिंह के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक के परिवार के प्रति मेरी व कांग्रेस पार्टी की संवेदना है। भरत सिंह की प्राकृतिक मौत पर राजनैतिक दवाब में प्रशासन द्वारा किसानों पर मुकदमे दर्ज करना सरासर गलत कदम है। किसान शांतिपूर्ण एंग से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं वही दूसरी तरफ सत्ताधारी नेता जबरन भाजपा कार्यकर्ताओं को किसान बनाकर ट्रैक्टर यात्रा निकाल रहे हैं। गुज्जर ने कहा कि जब प्रशासन द्वारा 25 लोगों को अनुमति लेकर कोई भी कार्यक्रम करने का नियम बनाया गया है तो नारायणगढ़ प्रशासन ट्रैक्टर यात्रा आयोजित करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करे। गुज्जर ने कहा कि ट्रैक्टर यात्रा में बड़ा गढ़ निवासी किसान भरत सिंह की मौत के लिए सीधे तौर पर यात्रा के आयोजक तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता जिम्मेदार हैं जिन्होंने पिछले डेढ़ माह से कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के जख्मों पर नमक छिडक़ने के लिए ट्रैक्टर यात्रा आयोजित की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि किसान भरत सिंह एक ट्रैक्टर पर सवार थे जिनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई जिसके बाद कुछ लोगों व एक पुलिस कर्मी ने उन्हें सहारा देकर ट्रैक्टर से नीचे उतारा। वीडियो में कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं दिखाई दे रहा जिसने किसान भरत सिंह पर या ट्रैक्टर पर हमला किया हो लेकिन पुलिस ने भाजपा नेताओं के दबाव में किसानों पर हत्या का मामला दर्ज कर बिना जांच के ही किसानों की धर पकड़ शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से होनी चाहिये ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने मृतक किसान के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग भी की। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के समर्थन में भाजपा के लोकसभा अम्बाला से सांसद रतन लाल कटारिया व कुरूक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी द्वारा 14 अक्तूबर को नारायणगढ़ से शहजादपुर तक निकाली गई टै्रक्टर यात्रा का भाकियू चढूनी गुट के सदस्यों द्वारा मिलन पैलेस नारायणगढ़ के सामने विरोध किया गया। जहां सांसद नायब सिंह सैनी के ट्रैक्टर के बांये ओर एक अन्य ट्रैक्टर पर सवार खंड नारायणगढ़ के गांव बड़ा गढ़ निवासी किसान भरत सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई जिसके साथियों ने उसे ट्रैक्टर से उतारा व साथ स्थित एक पेट्रोल पैंप पर लेटाया जहां से उसे नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। प्रशासन की ओर से मौके पर कोई एम्बुलैंस मौजूद नहीं थी। नारायणगढ़ पुलिस ने मृतक भरत सिंह के पुत्र भूपिन्द्र सिंह की शिकायत पर मलकीत सिंह, फकीर चन्द, अमरजीत, जय सिंह, सुखविन्द्र सिंह, जसविन्द्र सिंह व जन्टी के खिलाफ धारा 120 बी, 148, 149, 302 व 341 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
Scrap aluminium business opportunities Aluminum scrap sales Metal reclamation yard