गुरुग्राम सहित पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, बदलाव यात्रा से करेंगे आवाज बुलंद : डॉ. सुशील गुप्ता
Sanitation workers are on strike in the entire state including Gurugram, will raise their voice through Parivartan Yatra: Dr. Sushil Gupta
सत्य ख़बर,गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज :
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने वीरवार को जिला पार्टी कार्यालय से प्रेस वार्ता की। जिसमें उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर से आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा शुरू हो रही है। “ईब हरियाणा के लाल ने, एक मौका केजरीवाल ने” के नारे के साथ प्रदेश की 90 विधानसभाओं में बदलाव यात्रा निकाली जाएगी। 15 दिसंबर से लेकर 24 दिसंबर तक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बदलाव का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि चार जगह फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, सिरसा और पंचकूला से यात्रा शुरू होगी। आम आदमी पार्टी ने शिक्षा, बिजली, चिकित्सा, पानी, नौकरी, किसान, जवान और महिलाओं के सम्मान के क्षेत्र में जो काम दिल्ली और पंजाब में किए हैं, उनसे हरियाणा की जनता को अवगत कराएंगे।
उन्होंने पिछले 65 दिन से धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, गुरुग्राम में भी दो महीने से ज्यादा समय से हड़ताल चल रही है। सफाई कर्मचारियों को 15 हजार रुपए सैलरी मिलती थी, अब उसको घटा कर हरियाणा का जो मिनिमम रेट है 10 हजार के आसपास उस पर ले आए हैं। इसके अलावा 3 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के हटाने की कवायद गुरुग्राम नगर निगम ने की है, उसके खिलाफ जो धरना चल रहा है उसका आम आदमी पार्टी ने समर्थन किया है। जबकि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का काम किया है। उन्होंने खट्टर सरकार ने कर्मचारियों को परेशान न करने की मांग की और कहा कि हरियाणा में ऐसा कोई वर्ग नहीं है जो हड़ताल पर न हो। चाहे आशा वर्कर्स हो, क्लर्क हो, डॉक्टर हो या सरपंच हो सभी खट्टर सरकार से तानाशाही रवैये से असंतुष्ट हैं।
गुप्ता ने कहा कि बदलाव यात्रा के माध्यम से आम आदमी पार्टी सभी कर्मचारी वर्गों की आवाज को मजबूत करने का काम करेंगे। खट्टर सरकार से प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त है। उन्होंने जानकारी दी कि उनका रूट फरीदाबाद से शुरू होकर गुरुग्राम, सोहना, बादशाहपुर, फिरोजपुर झिरका, हथिन, पुन्हाना होडल, पलवल, पृथला, तिगांव और बल्लभगढ़ से होकर जींद में यात्रा का समापन होगा। इस दौरान 25 विधानसभा को कवर किया जाएगा। डॉ. अशोक तंवर सिरसा से शुरू होने वाले यात्रा का नेतृत्व करेंगे और भिवानी में खत्म करेंगे। चौ. निर्मल सिंह कालका से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व करेंगे और पानीपत में समापन करेंगे। अनुराग ढांडा महेंद्रगढ़ से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व करेंगे और कैथल में समापन करेंगे। इस दौरान पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार किया जाएगा और जनता के मुद्दों को उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खुद हाई कोर्ट में एफिडेविट देकर कहती है कि हरियाणा के 1585 स्कूलों में शौचालय जिसमें से 550 स्कूल छात्राओं के हैं। 236 स्कूलों में बिजली के कनेक्शन नहीं हैं, 30 हजार से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और 8240 क्लास रुम की कमी है। आजादी के 76 साल बाद भी बच्चे टाट पर बैठते हैं, 20 किलोमीटर के दायरे में साइंस स्ट्रीम नहीं हैं। इसके अलावा सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों के 60% पद खाली पड़े हैं। भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल कर दिया है। इसके अलावा सीएम खट्टर के राज में 31 बार पेपर लीक हुआ।
वहीं खट्टर सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था का भी जनाजा निकला जा रहा है और सीएम खट्टर व गृहमंत्री अनिल विज अपनी आपसी लड़ाई में व्यस्त हैं। इसके अलावा बेरोजगारी के कारण हरियाणा में आत्म हत्याएं बढ़ती जा रही हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार 2021-22 में 3783 युवकों ने आत्म हत्या की। आत्महत्या की दर प्रति एक लाख 12.6 है और आत्महत्या करने वालों में 61% की सालाना आमदनी एक लाख रुपए से कम है। बेरोजगारी के कारण हरियाणा का युवा अपराध का रास्ता चुन रहा है और डिप्रेशन में आत्महत्या करने को मजबूर है।
भाजपा के कृषि मंत्री जेपी दलाल किसानों के बहन बेटियों के खिलाफ गलत बयानबाजी करते हैं, आम आदमी पार्टी इसकी निंदा करती है। इस मौके पर गुरुग्राम कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी के सदस्यगण मौजूद रहे |