भाजपा ने देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया लेकिन अब भाजपा धर्म के नाम पर वोट मांग कर समाज में बिखराव पैदा करना चाहती है : शैली चौधरी
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। विधायक शैली चौधरी ने हलका नारायणगढ़ के गांव बाल्टी, भाल माजरा, चमेल माजरा, मंगत माजरा, गुज्जर माजरा व अहमदपुर में जनसभाएं कर ग्रामीणों से अम्बाला लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वरूण चौधरी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सभी गांवों में पहुंचने पर विधायक शैली चौधरी का ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में सभी वर्गों के लोग परेशान हैं। तीन काले कृषि कानून वापस करने की मांग को लेकर सैंकड़ों किसानों को शहादत देनी पड़ी। भाजपा ने जनता द्वारा चुने गए सरपंचों पर लाठियां बरसाई। सेना में नियमित भर्ती करने की बजाय 4 वर्ष के लिए अग्निवीर भर्ती किये गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया लेकिन अब भाजपा धर्म के नाम पर वोट मांग कर समाज में बिखराव पैदा करना चाहती है। देश में अपने हक की आवाज उठाने वालों को रोका जा रहा है। भाजपा एक भी वादे पर पूरा नहीं उतरी। विधायक ने कहा कि किसानों को अपनी फसल की पेमेंट लेने के लिए पिछले 10 वर्ष के दौरान धरने प्रदर्शन व जल सत्याग्रह करने पड़े लेकिन फिर भी पूरी पेमेंट नहीं मिली। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बुढापा पेंशन 6000 रूपये प्रति मास की जायेगी, निर्धन परिवारों की एक महिला को प्रति वर्ष एक लाख रूपये दिये जायेंगे, निर्धन परिवारों को 100 गज के मकान पर दो कमरे बनाकर दिये जायेंगे, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाया जायेगा, 300 यूनिट बिजली नि:शुल्क दी जायेगी, पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जायेगा। इस अवसर पर बिरेन्द्र सिंह गुज्जर, गुरमिन्द्र सिंह बेरखेड़ी, सुखदेव सैनी, कुलबीर बिल्ला, रणजीत सिंह सहित बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।