Haryana CET Exam को लेकर बड़ा फैसला! फ्री बस सेवा, सख्त निगरानी और करप्शन फ्री प्लान

Haryana CET Exam: प्रदेश की नायब सरकार ने आगामी 26 व 27 जुलाई को होने वाली कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सीईटी टैस्ट देने वाले परीक्षार्थियों को आने-जाने के लिए नि:शुल्क राजकीय परिवहन सेवा उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। सरकार ने एग्जाम के लिए जिला स्तरीय बस अड्डे से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने एवं वापसी की व्यवस्था करने के लिए महाप्रबंधक को निर्देश दिए हैं। हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक ले जाने और वापसी के लिए निशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं महिला अभ्यर्थियों के साथ एक पारिवारिक सदस्य को भी सहायक के रूप में फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
करप्शन फ्री परीक्षा करवाने को लेकर आयोग गंभीर
सीईटी परीक्षा करप्शन फ्री करवाने को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग गंभीर है। इसी को लेकर आयोग ने किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा सीईटी परीक्षा में नकल करवाने, पास करवाने या भर्ती के नाम रिश्वत या प्रलोभन देने वाले के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर टोल फ्री नंबर 18001802022 जारी कर दिया है। इसके अलावा शिकायत दर्ज करवाने के लिए खुद आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह व सदस्य भूपेंद्र चौहान ने क्रमश: 9773966556 व 9216277773 भी जारी कर दिए हैं। सूचना या शिकायत देने वाले की पहचान गोपनीय रखे जाने की बात कही गई है।

13,48,667 अभ्यर्थियों ने करवाया रजिस्ट्रेशन
आयोग द्वारा परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से 11.45 बजे और शाम 3.15 बजे से 5 बजे निर्धारित किया है। इस परीक्षा को लेकर 13,48,667 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। कुल 1684 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं। इन केंद्रों में एक सत्र में 4,73,415 परीक्षार्थी बैठक सकते हैं। परीक्षा का माध्यम ऑफलाइन यानि ओएमआर शीट आधारित होगा। परीक्षा में मल्टीपल च्वाइस के प्रश्न ही पूछे जाएंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी ताकि अभ्यर्थियों को भाषा संबंधी किसी प्रकार की असुविधा न हो। 100 अंकों की कुल परीक्षा की अवधि 1 घंटा 45 मिनट (105 मिनट) की होगी। इसमें अंतिम पांच मिनट पांचवें उत्तर विकल्प को भरने के लिए निर्धारित किए गए हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी जल्द ही वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, ऑनलाइन-आफलाइन बायोमैट्रिक्स, थंप इंप्रेशन, चेहरे की स्कैनिंग, क्यूआर कोड स्कैनिंग आदि के इंतजाम होंगे। परीक्षा को बेहतर तरीके से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। सुरक्षा में करीब 12 हजार पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।

ये-ये चीजें एग्जाम सेंटर में ले जाने की रहेगी पाबंदी
परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी को मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताबें, नोट्स, पर्चियां (कोई भी पाठ्य सामग्री), धूप का चश्मा, बेल्ट, हैंडबैग, हेयर पिन, ताबीज, टोपी, टोपा, स्कार्फ आदि ले जाने पर पांबदी रहेगी।