युवक ने चाची के मायके में घुस चाची की हत्या की
मृतका की शादी 10 साल पहले हुई थी फौजी के साथ, अब रह रही थी अपने मायके

सत्य खबर हरियाणा
Crime News : थाना छप्पर क्षेत्र के भंभोल गांव में शनिवार देर रात फौजी की पत्नी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तुरंत जगाधरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस वारदात को मोनिका के जेठ के बेटे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। आरोपी अंबाला जिले के गांव कल्हेड़ी से भंभोल गांव पहुंचे थे। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मृतका की पहचान 34 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। मोनिका की शादी करीब 10 साल पहले अंबाला के गांव कलरेड़ी निवासी जसबीर सिंह से हुई थी। उसके पति सेना में हवलदार हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। पिता की तीन साल पहले मौत के बाद मोनिका अपने सात वर्षीय बेटे के साथ मायके में मां के पास रह रही थी।
कैसे हुई हत्या
पहले दीवार कूद कर सचिन नामक युवक घर के अंदर दाखिल हुआ। सचिन को बाहर आने में कुछ देर लगी तो पीछे ही युवराज भी दीवार कूद कर घर के अंदर दाखिल हो गया। इसके कुछ ही देर के बाद जब मोनिका के चीखने की आवाज आई तो उसकी मां अपने कमरे से बाहर आकर मोनिका के कमरे तक पहुंची तो कमरा खून से लथपथ था और मोनिका जमीन पर गिरी हुई थी। मोनिका के पेट, गर्दन कमर व बाजूओं पर चाकू लगे थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोनिका की मां को मौके पर आते देख युवराज वहां से भाग खड़ा हुआ और छत से कूद कर फरार हो गया, जबकि सचिन मौके पर रहा और वह मोनिका को गाड़ी में डालकर अस्पताल उसकी मां के साथ ले गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि बताया तो यह भी जा रहा है कि इन लोगों के साथ दो से तीन लड़के और भी थे। मृतका की नानी ने दावा किया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने आरोपी को मोनिका पर वार करते देखा। उन्होंने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में भेज दिया है तो वहीं इस मामले की कार्रवाई भी आरंभ कर दी है। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।थाना छपरा के SHO वेदपाल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।