Haryana News: राजनीतिक रंजिश या बड़ी साजिश? अभय चौटाला को मिली धमकी से मचा बवाल

Haryana News: हरियाणा की राजनीति उस समय दहल गई जब इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को जान से मारने की धमकी दी गई। ये धमकी सीधे उनके बेटे कर्ण चौटाला के मोबाइल फोन पर एक वॉइस मैसेज के जरिए दी गई। वॉइस मैसेज में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि “अपने पिता को समझा लो वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा।”
धमकी में किया गया प्रधान नफे सिंह राठी का ज़िक्र
वॉइस मैसेज में धमकी देने वाला शख्स कहता है कि अगर उनके काम में अड़चन आई तो अभय चौटाला को भी वही हाल कर देंगे जो नफे सिंह राठी का हुआ। यह नाम सामने आने के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है क्योंकि प्रधान नफे सिंह राठी की हत्या पहले ही सनसनीखेज तरीके से की जा चुकी है। ऐसे में यह धमकी केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आपराधिक एंगल को भी दर्शा रही है।

सेक्टर 3 चंडीगढ़ थाने में दर्ज करवाई गई शिकायत
इस धमकी से परेशान कर्ण चौटाला ने बिना देरी किए चंडीगढ़ के सेक्टर 3 थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि वह मामले की गहराई से जांच करें और जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ें। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए धमकी देने वाले नंबर की जांच शुरू कर दी है।
निजी सचिव ने नहीं उठाया फोन तो भेजा गया मैसेज
जानकारी के मुताबिक अभय सिंह चौटाला के एक अन्य मोबाइल नंबर पर भी कॉल किया गया था। जब उनके निजी सचिव ने वह कॉल रिसीव नहीं किया तो सीधे कर्ण चौटाला के नंबर पर वॉइस मैसेज भेजा गया। यह दर्शाता है कि धमकी देने वाला व्यक्ति किसी योजना के तहत काम कर रहा था और वह चौटाला परिवार को डराने के उद्देश्य से पूरी तैयारी के साथ सामने आया था।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद चौटाला परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। राजनीतिक हस्तियों को मिलने वाली इस तरह की धमकियां राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी तेजी से इस मामले को सुलझाती है और धमकी देने वालों को गिरफ्त में लेती है।