सिख संगत पंजाब के हिंदूवादी नेता गुरसिमरन सिंह मंड की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी
सत्य खबर हरियाणा
Delhi-Amritsar Highway Block : अंबाला में पंजोखरा साहिब के पास सिख संगत और पुलिस के बीच बातचीत विफल होने के बाद उग्र प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम करने का प्रयास किया। भीड़ को नियंत्रित करने और हाईवे पर आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिससे वहां भारी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारी इंटरनेशनल एंटी-खालिस्तान फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कार्रवाई और हाल ही में हुई झड़प के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए सिख युवकों की रिहाई की मांग कर रहे थे। बातचीत के बेनतीजा रहने से नाराज सिख संगत ने विरोध जताते हुए नेशनल हाईवे-1 (NH-1) की तरफ कूच कर दिया, जिससे हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे में किसी मुद्दे को लेकर सिख संगत और पुलिस के बीच बैठक चल रही थी। जब दोनों पक्षों में कोई सहमति नहीं बन पाई, तो प्रदर्शनकारियों ने हाईवे का रुख किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पंजोखरा से अंबाला जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह भारी बैरिकेडिंग की हुई थी, लेकिन गुस्से में आई सिख संगत ने इन बैरिकेड्स को तोड़ दिया और आगे बढ़ने लगे।
पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
हालात को बेकाबू होता देख और प्रदर्शनकारियों की भीड़ को नेशनल हाईवे-1 पर जाने से रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। अंबाला के रास्ते में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल, आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और आला अधिकारी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।
#HaryanaNews #AmbalaUpdates #SikhCommunity #PoliceEncounter #HighwayBlockade #TearGas #ProtestNews #CommunityDialogue #LawAndOrder #CivilRights #PublicSafety #SocialJustice #PeacefulProtest #CurrentAffairs #IndiaNews #BreakingNews #SikhRights #CommunityRelations #PoliceResponse #HumanRights