सत्य खबर, चंडीगढ़।
हरियाणा में दो दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने सूबे के 5 शहरों में बारिश के आसार को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले शहरों में फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, जगाधरी और छछरौली शामिल हैं। यहां गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग ने कल यानि 16 सितंबर को हरियाणा के सभी जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा में सितंबर में अभी तक मानसून रूठा हुआ है। सप्ताह भर के बारिश के आंकड़ों को यदि हम देखें तो सामान्य से 43% कम बारिश हुई है। सूबे में सात दिनों में 13.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इसके मुकाबले औसतन 23.6 मिमी बारिश होती है। मानसून सीजन की बात करें तो सूबे में 1 जून से 14 सितंबर तक 392.3 MM बारिश हुई, जो राज्य में होने वाली औसत बारिश 405.6 एमएम से 3% कम है।
21 जिलों में सूखे जैसे हालात
हरियाणा के 21 जिलों में बारिश नहीं होने से सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। सबसे ज्यादा हालात भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सिरसा में खराब हैं, यहां बारिश ही नहीं हुई। सूबे के दो जिले ऐसे हैं जहां हालात सामान्य बने हुए हैं। इनमें फरीदाबाद और गुरुग्राम जिले शामिल हैं।
Also read :पानीपत के एएसआई का करनाल में मर्डर, पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
फरीदाबाद में 83 MM बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि यहां 29.2 एमएम सामान्य बारिश होती है। गुजरे सात दिनों में यहां 184% बारिश हुई है। वहीं गुरुग्राम में सामान्य से 24% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।