रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 11 लाख युवाओं को रोजगार मिला : मनोहर लाल खट्टर केंद्र और हरियाणा सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्गों पर विशेष ध्यान
रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 11 लाख युवाओं को रोजगार मिला : मनोहर लाल खट्टर केंद्र और हरियाणा सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्गों पर विशेष ध्यान

Manohar Lal : केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि, अब तक 11 लाख युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों में नौकरी दी जा चुकी है। आज देश के 45 स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 61 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे हैं। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। देशभर में आज 18वें रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। इसी कड़ी में पंचकूला जॉब फेयर में केन्द्रीय ऊर्जा एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्गों को ध्यान में रखते हुए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि कोई भी पीछे न रह जाए। हरियाणा में युवाओं और महिलाओं की शिक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। महिलाओं के लिए 100 से अधिक अलग कॉलेज खोले गए हैं और उनके सुरक्षित आवागमन के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की गई है। युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए पलवल में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है।
रोजगार मेले के मंच से मनोहर लाल ने हरियाणा की पुरानी नौकरी व्यवस्था पर पूर्व सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले हरियाणा में नौकरियां पर्ची-खर्ची से मिलती थीं। रिश्तेदारों और नेताओं के करीबियों को फायदा मिलता था। जो नेता का थैला पकड़ता और पैसे देता था, उसकी नौकरी लग जाती थी।उन्होंने कहा कि साल 2014 में सरकार बनने के बाद कड़े फैसले लिए गए और मैरिट के आधार पर नौकरियां दी गईं। इस फैसले पर उन्हें अपने ही लोगों का विरोध झेलना पड़ा, लेकिन बाद में सभी सहमत हुए। आज हरियाणा का युवा जानता है कि प्रदेश में अब नौकरी योग्यता के आधार पर मिलती है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, हरियाणा में अनुबंध पर लगे युवाओं को भी जॉब सिक्योरिटी दी गई है। अग्निवीर योजना का विपक्ष ने विरोध किया, लेकिन आज हरियाणा में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में विशेष छूट दी जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए मुद्रा लोन योजना शुरू की है। इसी तर्ज पर हरियाणा में मुख्यमंत्री समृद्धि योजना लागू की गई है। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार और काम के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भटकें नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना और ड्रोन दीदी योजना शुरू की है। आज महिलाएं सेना समेत हर क्षेत्र में बड़े पदों पर पहुंच रही हैं और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा में किसानों की सुविधा के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल शुरू किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6 हजार रुपये डीबीटी के जरिए दिए जा रहे हैं।”
मनोहर लाल ने कहा, हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) जैसी अनूठी योजना शुरू की गई। इसके जरिए राज्य के 2 करोड़ 83 लाख नागरिकों की पूरी जानकारी सरकार के पास है। इसी आधार पर पात्र बीपीएल परिवारों को लाभ दिया गया और अपात्रों के कार्ड काटे गए। हरियाणा में 60 साल की उम्र होते ही पीपीपी के माध्यम से जानकारी लेकर लाभार्थी की सहमति से घर बैठे पेंशन दी जा रही है। इससे बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ मकान दिए जा चुके हैं और अगले पांच साल में 3 करोड़ नए मकान दिए जाएंगे। मनोहर लाल ने कहा कि, मोदी सरकार के 11 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, आतंकवाद को खत्म करने के लिए मोदी सरकार ने कड़े फैसले लेकर दुश्मनों के दांत खट्टे किए हैं। पाकिस्तान के साथ जलीय समझौता खत्म किया गया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे बड़े अभियान चलाए गए। देश की आर्थिक स्थिति भी पहले से मजबूत हुई है।