विधायकों पर कार्रवाई केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पसंद ना पसंद का खेल : मोहनलाल बडोली
बोले, भाजपा सेंधमारी नहीं कर रही, बल्कि विपक्षी विधायक मुख्यमंत्री के कारण भाजपा की तरफ आकर्षित हो रहे हैं

सत्य खबर हरियाणा
Mohanlal Badoli : हरियाणा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने साफ कहा है कि कांग्रेस क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को नोटिस देकर जवाब मांगने का केवल ड्रामा कर रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस उच्चकमान को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी से पूछना चाहिए कि जब क्रॉस वोटिंग हो रही थी तो वह क्या कर रहे थे।
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा द्वारा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में भाजपा के हरियाणा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को कारण बताओ नोटिस देकर और विधायक दल की बैठक कर कांग्रेस की ओर से ड्रामा किया जा रहा है।
कांग्रेस के बड़े नेताओं को तो नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद से सवाल करने चाहिए कि वह क्या कर रहे थे। जांच तो उनके विरुद्ध होनी चाहिए। कांग्रेसी विधायक तो दावा कर रहे हैं कि उन्होंने दोनों नेताओं को दिखाकर मतदान किया था।
उन्होंने कहा कि विधायकों पर कार्रवाई केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पसंद ना पसंद का खेल है। कुछ विधायकों के नाम छिपाने का काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास तथा हथीन से विधायक मोहम्मद इजराइल को लेकर बड़ोली ने कहा भाजपा ने सेंधमारी नहीं की बल्कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के कार्य को देखकर विपक्षी विधायक भी उन्हें पसंद करते हैं। इसी कारण वह भाजपा के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।
#BhupinderSinghHooda #MohanlalBadoli #MLAGame #Politics #PoliticalDrama #HaryanaPolitics #GameOfLikes #Dislikes #ActionAgainstMLAs #PoliticalSatin #TruthInPolitics #VoiceOfThePeople #PoliticalCommentary #CorruptionInPolitics #Leadership #CitizenAwareness #DemocracyWatch #PoliticalReform #PoliticalAccountability