भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार सोमवार को हरियाणा में
भाजपा ने तीन नगर निगमों के चुनाव को लेकर बनाई रणनीति

Satyakhabar, Haryana
BJP President in Haryana : हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में अंबाला, सोनीपत तथा पंचकूला नगर निगम के चुनाव, हरियाणा के आगामी बजट, हरियाणा के राजनीतिक हालातों के साथ-साथ, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के हरियाणा दौरे को लेकर भी विस्तार से बातचीत की गयी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने बिंदुवार हर मुद्दे को बैठक में रखा और गहनता से उस पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व सांसद डा. सुधा यादव, सुनीता दुग्गल, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस अंधेरे में तीर मारती है और केवल झूठ फैलाने का काम करती है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं होते, इसलिए लोगों को भ्रमित करने का काम कांग्रेस करती रहती है। उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना ऐतिहासिक योजना है, अब मजदूरों को 125 दिन का काम मिलेगा। यह योजना पूरी तरह से पारदर्शी है और ग्रामीण क्षेत्र में क्रांति लाने वाली योजना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि हरियाणा में SIR के लिए पार्टी तैयार है। हरियाणा में बीएलए -1 की नियुक्ति हो चुकी है और बीएलए-2 की प्रक्रिया जारी है। मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हमारा फोकस अब स्थानीय नगर निकाय, नगरपरिषद जैसी संस्थाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा। मुख्यमंत्री ने जिन संस्थाओं से जो सुझाव बजट के बारे में आए हैं उन्हें बैठक में रखा, साथ ही विधायकों और मंत्रियों को भी सुझाव मांगे जिससे सुशासन वाला बजट बन सके।
इस बैठक में वर्तमान में चल रहे सात कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। बैठक में अंबाला, सोनीपत तथा पंचकूला नगर निगम के चुनाव, हरियाणा के आगामी बजट, हरियाणा के राजनीतिक हालातों के साथ-साथ, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के हरियाणा दौरे को लेकर भी विस्तार से बातचीत की। बैठक में 12 जनवरी को भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गुरुग्राम प्रवास की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई और नायब सरकार के काम की बड़ाई की गई। कहा गया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए बजट पूर्व चर्चा विभिन्न वर्गों में जाकर की है, बजट शानदार होगा। वीबी जीरामजी जागरण अभियान, अटल स्मृति वर्ष, एसआइआर पर गृहमंत्री अमित शाह के भाषणों को सुनने के कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी रिफार्म पर रखे गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सभी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और प्रदेश भर में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को भी उजागर किया।
#BJP #NitinNavin #HaryanaVisit #PoliticalEvent #FirstTimeInHaryana #NationalWorkingPresident #IndianPolitics #HaryanaNews #BJPLeadership #PublicEngagement #MeetAndGreet #Haryana #PoliticalCampaign #BJPInHaryana #HaryanaVibes #EngagingYouth #LeadershipAnnouncement #UpcomingEvent #PoliticsInHaryana #BJPUpdates