सीएम सैनी और अर्चना गुप्ता ने केंद्रीय नेताओं से की मुलाकात
महिलाओं को एक तिहाई पद देने की तैयारी
सत्य खबर हरियाणा
Haryana BJP : हरियाणा भाजपा में नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर भाजपा उच्च कमान में मंथन तेज हो गया है। भाजपा की नई कार्यकारिणी में युवाओं और महिलाओं को अधिक अवसर मिलने की संभावना भाजपा सूत्र व्यक्त कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि नई कार्यकारिणी में एक तिहाई पद कम से कम महिलाओं के लिए आरक्षित किया जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि समसामयिक विषयों और समाजहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा संगठन महामंत्री व केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी बीएल संतोष से मिलकर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा कर चुकी हैं। दोनों मुलाकातों को नई कार्यकारिणी के गठन की अंतिम तैयारियों, राज्य में एसआइआर अभियान की प्रगति, भविष्य की कार्ययोजना तथा छात्रों के आंदोलन की राज्य में स्थिति पर हुई चर्चा के रूप में जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची किसी भी समय जारी हो सकती है। संभावित नामों का पैनल तैयार है और अब केंद्रीय नेतृत्व अंतिम मंथन कर रहा है। पार्टी इस बार जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ युवाओं व महिलाओं को अधिक अवसर देने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा इस कार्यकारिणी को 2029 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर बना रही है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि भाजपा की नई कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्षों और महामंत्रियों की संख्या मौजूदा कार्यकारिणी की तुलना में बढ़ाई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक महामंत्रियों की संख्या तीन से बढ़ाकर छह से आठ तक किए जाने पर भी विचार चल रहा है। कई नए चेहरों को प्रदेश कमेटी में जिम्मेदारी मिलने की संभावना है, जबकि कुछ मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल व स्तर दोनों बढ़ाए जा सकते हैं। नई कार्यकारिणी पर चर्चा के लिए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता और बीएल संतोष के बीच भाजपा मुख्यालय में करीब एक घंटे तक बैठक हुई।
इससे एक दिन पहले नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में वरिष्ठ नेताओं की छोटी टोली की बैठक में भी संभावित नामों पर मंथन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि अंतिम सूची पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच एक और दौर की चर्चा हो सकती है। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा की नई की घोषणा 15 अगस्त से पहले कर दी जाएगी।
#HaryanaBJP #StateExecutiveCommittee #PoliticalUpdates #BJPLeadership #HaryanaPolitics #CommitteeFormation #BJPNews #HaryanaDevelopment #PoliticalStrategy #LeadershipChanges #BJP2026 #HaryanaGovernance #PoliticalDeliberations #BJPStateCommittee #HaryanaElections #BJPUnity #HaryanaLeadership #PoliticalEngagement #BJPProgress #HaryanaFuture