महिला यात्री को नहीं दी टॉयलेट की चाबी , दो स्टेशन मास्टर के खिलाफ केस दर्ज
रेवाड़ी जंक्शन पर दो स्टेशन मास्टर को एक महिला पत्रकार यात्री को टॉयलेट की चाबी ना देना महंगा पड़ गया. आरोप है कि स्टेशन मास्टर ने चाबी ना देकर महिला के साथ अभद्रता भी की . जब महिला ने कहा की वो पत्रकार है और आप पब्लिक टॉयलेट पर ताला नहीं लगाकर रख सकते तो स्टेशन मास्टर ने कहा कि महिला टॉयलेट को गन्दा कर देती है. उल्टा महिला यात्री को धमकी भी दी. अब पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है.

रेवाड़ी रेलवे पुलिस ने रेवाड़ी जंक्शन के दो स्टेशन मास्टर के खिलाफ महिला से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. दिल्ली की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि वो एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रेवाड़ी आई थी. उसे रेवाड़ी स्टेशन के पब्लिक टॉयलेट का इस्तेमाल करना था लेकिन उसपर ताला लटका हुआ था.
उसे रेलवे एक कर्मचारी ने बताया की टॉयलेट की चाबी स्टेशन मास्टर के पास है. जिससे महिला ने चाबी मांगी लेकिन स्टेशन मास्टर ने महिला के साथ अभद्रता की और धक्कामुक्की की. महिला का आरोप है कि जब उसने कहा कि वो पत्रकार है तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. महिला की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने दो स्टेशन मास्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 509 एवं 506 के तहत एफआईआर दर्ज की है और मामले की जाँच की जा रही है.
आपको बता दें कि रेवाड़ी जंक्शन पर पब्लिक टॉयलेट पर अक्सर ताले लटके रहते है. कुछ टॉयलेट रेलवे ने प्राइवेट ठेकेदार को दिए हुए है. जो पब्लिक से एक निर्धारित फ़ीस वसूल करते है. रेवाड़ी जंक्शन पर टॉयलेट पर ताले लटके रहने की शिकायत पहले कई बार यात्री कर चुके है. डेमो ट्रेन के टॉयलेट पर ताले लटके होने की खबरें कई बार सामने आई है. लेकिन इस बार रेलवे कर्मचारियों ने महिला यात्री से चाबी ना देकर और अभद्रता करके आफत मोल ले ली है.