प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान का शव जेएलएन नहर से बरामद
पुलिस में गिरफ्तार किए थे दो आरोपी, उनकी निशानदेही पर शव बरामद

सत्य खबर हरियाणा
Crime News : साल 2018 में नए साल के जश्न के दौरान खेड़ी साध गांव में युवक धर्मेंद्र की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पड़ोसी प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान को गिरफ्तार किया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद सत्यवान छह माह जमानत पर बाहर आया था। अब उसकी भी हत्या हो गई है। प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की डेडबॉडी चार दिन बाद जेएलएन नहर से कन्हेली हेड के पास बरामद हो गई है।
20 फरवरी को उसकी कार खरावड़ मंदिर के नजदीक आउटर बाईपास के किनारे पर लावारिस मिली। कार पर अंधाधुंध फायरिंग की हुई थी। चार गोलियां कार में लगी थी। घटनास्थल से 15 खोल बरामद हुए थे। घटना के बाद से ही सत्यवान का सुराग नहीं लग रहा था। एसपी ने ब्लाइंड केस को सुलझाने के लिए एसआईटी का गठन किया था। इसमें सीआईए की टीम के अलावा आईएमटी थाना पुलिस को भी साथ लिया था।
परिजनों ने दिल्ली के गांव जाड़ौदा निवासी प्रदीप डागर व प्रदीप के परिजनों पर शक जताया था। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने भिवानी जिले के गांव भापड़ौदा निवासी मंजीत उर्फ माफिया व भाली गांव निवासी मनीष को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पुरानी रंजिश के चलते ही सत्यवान की हत्या हुई है। अब पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी कि हत्याकांड में प्रदीप डागर या अन्य आरोपियों की भूमिका है या नहीं।
एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि आरोपी मंजीत की निशानदेही पर सत्यवान की बॉडी को बरामद किया गया है। ये रंजिश का मामला है। आरोपियों के साथ सत्यवान की पुरानी रंजिश थी। सत्यवान 2018 में एक मर्डर में आरोपी था। यह मामला हाईकोर्ट में पेंडिंग है, जिसके कारण सत्यवान जमानत पर बाहर था। एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से काफी जानकारी मिली है, जिसके चलते जल्द अन्य आरोपी भी काबू किए जाएंगे। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। सुंदर काला की तरफ से डाली गई पोस्ट पर कहा कि ऐसे लोगों की बात पर ध्यान ना दें। इस मर्डर से उसका कोई लिंक नहीं है। ये फालतू के आदमी पोस्ट डालकर दहशत फैलाने का प्रयास करते है।
पुलिस को कार के अंदर सत्यवान नहीं मिला था। जब तलाशी ली गई तो कार के अंदर भी गोलियां लगने के निशान थे। ड्राइविंग सीट पर खून पड़ा था। यह खून कार के बाहर भी पड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को मौके पर बुलाया और जांच शुरू की थी। एफएसएल एक्सपर्ट ने मौके से सबूत जुटाए थे और गाड़ी को भी अच्छे से जांचा था। इस मामले में सत्यवान के परिवार के लोग दोपहर में ही SP सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिलने पहुंचे थे। सत्यवान की मां धनपति ने बताया था कि शुक्रवार को सत्यवान अपने भाई को खरखौदा छोड़कर आया था। इसके बाद वह कोर्ट में गया था। कोर्ट से लौटे वक्त वह लापता हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उन्हें शक जताया था कि सत्यवान की हत्या कर उसका शव गायब कर दिया गया है।