Haryana: चंडीगढ़ पुलिस द्वारा FIR दर्ज नहीं करने से खफा IAS, मुख्यमंत्री को की शिकायत मुख्यमंत्री ने दिया, कार्रवाई का आश्वासन

Haryana: हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार से आज मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मुलाकात की। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह चंडीगढ़ के सेक्टर-24 में आईजी की पत्नी अमनीत कुमार के घर पहुंचे।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अलग कमरे में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार के साथ मीटिंग की। करीब 1 घंटे तक चली बैठक के दौरान अमनीत पी. कुमार ने मुख्यमंत्री को 2 पन्नों की शिकायत सौंपी है। इसके जरिए IG के लिखे सुसाइड नोट में शामिल अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, अधिकारियों को सस्पेंड करने, अरेस्ट करने और परिवार को सिक्योरिटी देने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री के साथ मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर भी पहुंचे थे। IG पूरन कुमार ने अपने सुसाइड नोट में इन्हें आपबीती बताने की बात लिखी है। सूत्रों के मुताबिक, जापान से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड होते ही सीएम सैनी ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर से एयरपोर्ट पर ही मुलाकात की थी। यहां मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक से आईपीएस अधिकारी के सुसाइड मामले की पूरी रिपोर्ट ली थी। मुख्यमंत्री की डीजीपी के साथ करीब आधा घंटा हवाई अड्डे पर ही मुलाकात हुई थी।
मुख्यमंत्री को सौंपी गई अपनी शिकायत में आईएएस अधिकारी ने कहा है कि उनके पति और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूर्ण कुमार ने सुसाइड नोट में सब कुछ साफ लिखा है लेकिन इसके बावजूद अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने अभी तक अनुसूचित जाति के मामले में जो जांच की जानी चाहिए थी वह भी शुरू नहीं की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि इस मामले में जिन लोगों पर आरोप लगे हैं वह प्रभावशाली व्यक्ति है और भविष्य में वह उन्हें और उनके परिवार को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अधिकारी को आश्वासन दिया है कि इस मामले में वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का काम करेंगे।