सत्य खबर, चंडीगढ़। Weather update: Know the rain conditions in Haryana
हरियाणा में 25 दिन से चल रहे मानसून के ब्रेक से हालात खराब हो रहे हैं। एक महीने पहले तक प्रदेश में सामान्य से 58 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। अब यह आंकड़ा 10 प्रतिशत पर सिमट गया है। मानसून में जिन जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, उनकी संख्या बढ़ कर 7 हो गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी लोकल लेवल पर बनने वाले वेदर सिस्टम से कुछ एक स्थानों पर ही छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। बारिश की कमी और बढ़ते तापमान से धान उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ रही है। फसल में पानी पूरा करने के लिए उनको बिजली या डीजल आधारित ट्यूबवेल चलाने पड़ रहे हैं और इससे फसल की लागत बढ़ रही है।
छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अब भी सामान्य स्थिति से उत्तर की तरफ हिमालय की तलहटियों की तरफ है। राज्य में मौसम 29 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
इस दौरान बीच बीच में आंशिक बादल छाए रहने और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की भी संभावना है। इस दौरान वातावरण में नमी व तापमान की अधिकता से लोकल वेदर सिस्टम बनने से कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना है।
इन जिलों में हालात खराब
हरियाणा के 22 जिलों में से जहां 8 जिलों में अभी भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कुछ ज्यादा है, वहीं 7 जिले ऐसे हैं, जहां बारिश सामान्य से बहुत कम हुई है। वहां फसलों में पानी के मामले में हालात दिनों दिन खराब हो रहे हैं। हिसार तो एक तरह से सूखे का ही सामाना कर रहा है। यहां पूरे मानसून सीजन में अब तक 124.7 एमएम बारिश हुई है, जो कि सामान्य बारिश 240.5 एमएम से 48% कम है। इसी प्रकार फतेहाबाद में 34%, जींद में 33%, रोहतक में 20%, भिवानी में 18%, पलवल में 13%), चरखी दादरी में बारिश में 6% की कमी दर्ज की गई है।
इन जिलों में खूब बरस रहे बादल
हरियाणा के जीटी रोड बैल्ट के 8 जिलों में बारिश बहुत अच्छी हुई है। कुरुक्षेत्र में मानसून सीजन में अब तक 716.9 एमएम पानी गिर चुका है। यह सामान्य बारिश 326.6 एमएम से 120% ज्यादा है। इसी प्रकार यमुनानगर में 1077.9 एम एम बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश 736.2 एमएम से 46% ज्यादा रही। पानीपत में 38%, पंचकूला में 39%, सोनीपत में 34%, करनाल 28%, अंबाला में 23% और फरीदाबाद में 21% बारिश सामान्य से अधिक है। हालांकि यह आंकड़ा भी धीरे धीरे पटता जा रहा है।
पंजाब ने बंधाई आश
पंजाब में सोमवार को अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे मौसम वैज्ञानिकों को उम्मीद है हरियाणा में भी आने वाले दिनों में बादल बरस सकते हैं। हालांकि सितंबर के प्रथम सप्ताह में बारिश की संभावना हरियाणा में जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक और ताज़ा मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ (WD) उत्तर पाकिस्तान पर आ पहुंचा है। इसके कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज चमक और आंधी के साथ बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखी जाएगी।