अपराध व बेटियों के अत्याचार की राजधानी बना हरियाणा : सुमित्रा
महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने दादरी में प्रेस वार्ता में दिया बयान
सत्यखबर, चरखी दादरी (विजय कुमार) – हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान का कहना है कि हरियाणा देश में अपराध व बेटियों के अत्याचार की राजधानी बन गया है। केंद्र व प्रदेश की सरकार ने कभी बेटियों का मान-सम्मान या भात ही नहीं भरा वो बेटियों का सम्मान कैसे कर सकते हैं। जो पिछले तीन वर्षों में हरियाणा में अपराध व बेटियों पर हो रहे अत्याचार के आंकड़े सामने आए हैं, उससे स्पष्ट होता है कि हरियाणा में बेटियों को बचाने के लिए सिर्फ हवाई दावे किए गए हैं।
सुमित्रा चौहान आज दादरी के रैस्ट हाऊस में महिला कांग्रेस की जिला कार्यकत्र्ताओं की मीटिंग के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित कर रही थी। इस दौरान कांग्रेस किसान खेत मजदूर के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र फौगाट व हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत फौगाट भी साथ थे। चौहान ने कहा कि आज हरियाणा हर वर्ग आंदोलित है। खासकर महिलाएं अपनी इज्जत बचाने के लिए भी आंदोलन कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने हरियाणा में बेटी-बचाने, बेटी पढ़ाने का नारा दिया था लेकिन सरकार का यह नारा हवाई हो गया है। अब देश में हरियाणा को रेप की राजधानी के नाम से जाना जाता है। जिससे जाहिर होता है कि जो विकास के नाम पर नंबर वन जाना जाने वाला हरियाणा अब अपराध का प्रदेश बन गया है। सरकार की दोगली नीति व दोगला चेहरा जनता के सामने आ गया है।
महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने दावा किया कि दिल्ली रैली में हरियाणा से 15 हजार महिलाएं तिरंगी चुनरियां ओढकर जाएंगी। कांग्रेस में गुटबाजी नहीं है, सब अपने तरीके से कांग्रेस को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस में पगड़ी गैंग या चुनरी गैंग पर सुमित्रा चौहान ने कहा कि अगर इसे गैंग मानते हैं तो कांग्रेस में सिर्फ एक तिरंगा गैंग है। जो दूसरी पार्टियों पर भारी होकर प्रदेश में सरकार बनाने में कामयाब होगी। इस दौरान उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को दिल्ली रैली का न्यौता दिया।